महाराष्ट्र: ठाणे में अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया

Ads

महाराष्ट्र: ठाणे में अंतरराज्यीय शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया

  •  
  • Publish Date - March 14, 2026 / 03:42 PM IST,
    Updated On - March 14, 2026 / 03:42 PM IST

ठाणे, 14 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र आबकारी विभाग ने ठाणे ज़िले में पिछले चार दिनों में छापेमारी कर एक बड़े अंतरराज्यीय अवैध शराब तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया। इस दौरान 32 लाख रुपये मूल्य की अवैध शराब बरामद की गई। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

राज्य आबकारी अधीक्षक (ठाणे) प्रवीण तांबे ने बताया कि अधिकारियों ने 10 मार्च की रात को भिवंडी में चार पहिया दो वाहनों को रोका जिनसे से 20 लीटर की क्षमता वाले 10 पीपे और व्हिस्की की 2,000 बोतलें बरामद हुईं। उन्होंने कहा कि मौके पर ही चार लोगों को हिरासत में लिया गया और 19.29 लाख रुपये मूल्य का सामान जब्त किया गया।

आगे की जांच के दौरान आबकारी टीम ने चावदार पाड़ा और कोंगांव में संदिग्ध खरीदारों और आपूर्तिकर्ताओं के घरों पर छापेमारी की।

तांबे ने बताया कि छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने शराब की ‘रीफिलिंग’ के एक परिष्कृत गिरोह का भंडाफोड़ किया। उन्होंने शराब से भरे 20-लीटर के कई पीपे और प्रीमियम व्हिस्की ब्रांड की सैकड़ों खाली और भरी हुई बोतलें बरामद कीं।

वैजुला क्षेत्र के एक फार्महाउस पर 12 मार्च को एक और छापेमारी की गई, जहां से व्हिस्की के 240 बक्से (जो केवल गोवा में बिक्री के लिए है), खाली पीपे और कई अन्य सामग्री भी जब्त की गई।

इसके अतिरिक्त, 13 मार्च को 2.07 लाख रुपये मूल्य की शराब बरामद की गई। इस तरह जब्त की गई शराब का कुल मूल्य लगभग 32 लाख रुपये और वाहनों का मूल्य 15 लाख रुपये हो गया।

मुख्य आरोपियों में से एक, सोमा कृष्ण जाधव को प्रारंभिक पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उसके तीन अन्य साथियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत नोटिस जारी किए गए हैं।

महाराष्ट्र निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत पडघा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।

भाषा राखी पवनेश

पवनेश