महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव : शिवसेना ने नीलम गोरे, बच्चू कडू को उम्मीदवार बनाया

Ads

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव : शिवसेना ने नीलम गोरे, बच्चू कडू को उम्मीदवार बनाया

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 02:41 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 02:41 PM IST

मुंबई, 30 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना ने अगले महीने होने वाले राज्य विधान परिषद चुनाव के लिए वर्तमान विधान पार्षद डॉ. नीलम गोरे और हाल ही में पार्टी में शामिल हुए पूर्व विधायक बच्चू कडू को बृहस्पतिवार को अपना उम्मीदवार बनाया।

गोरे वर्तमान में विधान परिषद की उपसभापति हैं। उनका कार्यकाल 13 मई को समाप्त हो रहा है।

प्रहार जनशक्ति पक्ष (पीजेपी) के प्रमुख कडू यहां उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हो गए। इसके तुरंत बाद परिषद चुनाव के लिए उनकी उम्मीदवारी की घोषणा कर दी गई।

शिंदे ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पार्टी ने गोरे और कडू को जन सेवा के उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उम्मीदवार बनाया है।

उन्होंने कहा, ‘‘डॉ. गोरे और बच्चू कडू दोनों के पास सामाजिक कार्य का व्यापक अनुभव है और वे लगातार जनता के मुद्दे उठाते रहे हैं। इसलिए हमने उन्हें शिवसेना के उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है।’’

शिवसेना (उबाठा) अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे सहित नौ विधान पार्षद 13 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

इन नौ सीटों और एक सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान 12 मई को होगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम समय सीमा बृहस्पतिवार दोपहर तक है।

कडू ने 1999 में तत्कालीन अविभाजित शिवसेना छोड़ दी थी और विदर्भ क्षेत्र के अमरावती जिले में पीजेपी की स्थापना की थी। उन्होंने चार बार विधानसभा चुनाव जीता, लेकिन 2024 के चुनाव में हार गए।

कडू ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनका राजनीतिक सफर शिवसेना से ही शुरू हुआ था इसलिए उनकी वापसी को नया नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘मैं पार्टी के लिए नया नहीं हूं, बल्कि एक अंतराल के बाद वापस लौटा हूं।’’

शिवसेना की सहयोगी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने परिषद चुनाव के लिए प्रमोद जठार, सुनील विनायक कर्जतकर, माधवी नाइक, संजय नत्थूजी भेंडे और विवेक बिपिन दादा कोल्हे को उम्मीदवार बनाया है।

इसके अलावा, कांग्रेस विधान पार्षद के रूप में इस्तीफा देने के कारण खाली हुई एक सीट के उपचुनाव के लिए भाजपा ने प्रज्ञा राजीव सातव को मैदान में उतारा है।

विपक्षी महा विकास आघाड़ी (एमवीए) गठबंधन केवल एक सीट जीतने की स्थिति में है।

शिवसेना (उबाठा) के विधायक आदित्य ठाकरे ने बुधवार को कहा कि अंबादास दानवे उनकी पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

भाषा गोला नरेश

नरेश