पालघर, 14 जून (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर में महिला और उसकी नाबालिग बहन से कथित तौर पर दुष्कर्म तथा ब्लैकमेल करने के मामले में फरार 23 वर्षीय व्यक्ति को गुजरात के भरूच से गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
यह गिरफ्तारी आरोपी की तलाश में कई राज्यों में चलाए गए अभियान के बाद हुई है। अपराध का मामला दो सप्ताह पहले पालघर जिले के दहानू क्षेत्र में सामने आने के बाद से आरोपी फरार था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि लगातार की गई तलाश और कार्रवाई के बाद आरोपी को शनिवार रात भरूच से गिरफ्तार कर लिया गया।
पीड़िताओं द्वारा यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग की शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने एक जून को आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा बाल यौन अपराध संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था।
इस घटना को लेकर व्यापक आक्रोश फैल गया था। भाजपा विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) चित्रा वाघ छह जून को पीड़ित परिवार के घर गईं थीं और दहानू पुलिस थाने भी गईं थीं और उन्होंने मामले में तत्काल और कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि आरोपी का आवासीय ढांचा अवैध है और उसे ध्वस्त किए जाने की मांग की थी।
बाद में चित्रा वाघ ने इस मामले को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी मुलाकात की थी।
पालघर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई विशेष दल गठित किए थे, जिन्हें पड़ोसी राज्यों में भी भेजा गया था। इन दलों ने गुजरात में आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।
भाषा गोला शोभना
शोभना