महाराष्ट्र: पूर्व सांसद का बेटा बताकर शेयर में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले पर मामला दर्ज

Ads

महाराष्ट्र: पूर्व सांसद का बेटा बताकर शेयर में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले पर मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 11:34 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 11:34 PM IST

मुंबई, 29 अप्रैल (भाषा) मुंबई में एक व्यक्ति पर खुद को गुजरात के एक पूर्व सांसद का बेटा बताकर शेयर बाजार में निवेश के नाम पर एक कारोबारी समेत कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

खार पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान विक्की वाजूभाई बरेजिया उर्फ विक्की प्रजापति के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, खार निवासी कारोबारी से विक्की की मुलाकात मार्च 2025 में हुई थी, जहां आरोपी ने अपने पिता को पूर्व सांसद बताते हुए संसद से जुड़े पहचान पत्र और वरिष्ठ अधिकारियों से संबंध होने का दावा कर भरोसा जीता।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पिछले साल अप्रैल में विक्की ने छह महीने में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर निवेश कराया, जिसके तहत शिकायतकर्ता स्वर्णजीत सिंह ने नकद, आरटीजीएस और एनईएफटी के जरिए 41.39 लाख रुपये दिए।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने 9.75 लाख रुपये लौटाने के बाद भुगतान बंद कर दिया और अन्य लोगों से भी इसी तरह ठगी की। शिकायतकर्ता ने 18.69 लाख रुपये के नुकसान की बात कही है। मामले की जांच जारी है।

भाषा

राखी वैभव

वैभव