महाराष्ट्र: वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को एसटी बस किराए में छूट के लिए एनसीएमसी कार्ड अनिवार्य

Ads

महाराष्ट्र: वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को एसटी बस किराए में छूट के लिए एनसीएमसी कार्ड अनिवार्य

  •  
  • Publish Date - August 31, 2026 / 09:24 PM IST,
    Updated On - August 31, 2026 / 09:24 PM IST

मुंबई, 31 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की बसों में किराए में छूट का लाभ उठाने के लिए वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को एक सितंबर से ‘नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड’ (एनसीएमसी) दिखाना अनिवार्य होगा। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एमएसआरटीसी ने एक बयान में कहा कि 86 लाख महिलाओं और 65 से 75 वर्ष की आयु के 14 लाख वरिष्ठ नागरिकों सहित लगभग 1.11 करोड़ लोग अब तक इन कार्डों के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।

राज्य संचालित निगम ने कहा कि हालांकि, पंजीकरण के दौरान आने वाली कठिनाइयों – विशेष रूप से उंगलियों के निशान (फिंगरप्रिंट) न मिल पाने – को ध्यान में रखते हुए 75 वर्ष से अधिक आयु के ‘अमृत’ वरिष्ठ नागरिकों को फिलहाल एनसीएमसी कार्ड दिखाने की आवश्यकता नहीं होगी।

अन्य पात्र यात्री अपने नजदीकी एमएसआरटीसी डिपो पर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

एमएसआरटीसी ने एनसीएमसी कार्ड के पंजीकरण और वितरण के लिए ‘ई-बिक्स टेक्नोलॉजीज लिमिटेड’ को नियुक्त किया है। वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं के लिए पंजीकरण व वितरण प्रक्रिया फिलहाल जारी है, जबकि बाद में यह सुविधा छूट के पात्र अन्य श्रेणियों के यात्रियों के लिए भी शुरू की जाएगी।

एमएसआरटीसी की लगभग 15,000 बसों का बेड़ा प्रतिदिन 55 लाख से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाता है।

भाषा सुमित माधव

माधव