महाराष्ट्र: नासिक में राजस्व अधिकारियों की भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक, एक गिरफ्तार

Ads

महाराष्ट्र: नासिक में राजस्व अधिकारियों की भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक, एक गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 18, 2023 / 08:58 PM IST,
    Updated On - August 18, 2023 / 08:58 PM IST

नासिक, 18 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के नासिक शहर में राजस्व अधिकारियों की भर्ती के लिए ऑनलाइन परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी गणेश शमसिंग गुसिंग को बृहस्पतिवार को शहर के पंचवटी इलाके में परीक्षा केंद्र के बाहर संदिग्ध रूप से घूमते हुए पाये जाने के बाद पकड़ लिया गया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किये, जिनमें प्रश्नपत्र की तस्वीरें थीं और इनका इस्तेमाल कर वह परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों की मदद कर रहा था।

उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से एक वॉकी-टॉकी सेट, एक सिम कार्ड, हेडफोन और एक टैबलेट भी जब्त किया गया है।

अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में उस व्यक्ति ने स्वीकार किया कि वह परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को उत्तर बताकर उनकी मदद कर रहा था। उन्होंने बताया कि म्हासरुल पुलिस थाने में इस संबंध में एक मामला दर्ज किया गया है।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश