महाराष्ट्र : पति के उत्पीड़न से परेशान महिला ने की आत्महत्या

महाराष्ट्र : पति के उत्पीड़न से परेशान महिला ने की आत्महत्या

महाराष्ट्र : पति के उत्पीड़न से परेशान महिला ने की आत्महत्या
Modified Date: January 28, 2025 / 05:04 pm IST
Published Date: January 28, 2025 5:04 pm IST

नागपुर, 28 जनवरी (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर शहर में 24 वर्षीय एक महिला ने पति द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न और प्रताड़ना की सूचना वीडियो कॉल के जरिये अपने माता-पिता को देने के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक 24 जनवरी को हुई इस घटना के बाद महिला के 32 वर्षीय पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

लाखड़गंज पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि महिला नागपुर के पुराने बगड़गंज इलाके की निवासी थी और पिछले साल सात जून को उसकी शादी हुई थी।

शादी के कुछ ही समय बाद उसका पति कथित तौर पर उसे गाली-गलौज देने और प्रताड़ित करने लगा। महिला को अपने माता-पिता से संपर्क करने से भी रोका जाता था।

अधिकारी ने बताया कि 24 जनवरी की सुबह करीब 10:45 बजे महिला ने अपनी 52 वर्षीय मां (जय दुर्गा नगर, पारडी क्षेत्र निवासी) को वीडियो कॉल किया। वीडियो कॉल पर उसने अपने पति द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न और अत्याचार की बात साझा की।

उसकी मां ने उसे सांत्वना देने की कोशिश की। बाद में, उसी दिन रात करीब 11 बजे महिला ने अपने घर में पंखे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने महिला के पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और धारा 85 (पति या पति के रिश्तेदार द्वारा महिला पर क्रूरता) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।

भाषा राखी रवि कांत


लेखक के बारे में