नागपुर में दोस्त और पत्नी ने की व्यक्ति की हत्या, मौत को दुर्घटना का रूप दिया

Ads

नागपुर में दोस्त और पत्नी ने की व्यक्ति की हत्या, मौत को दुर्घटना का रूप दिया

  •  
  • Publish Date - August 16, 2026 / 08:10 PM IST,
    Updated On - August 16, 2026 / 08:10 PM IST

नागपुर, 16 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर में 33 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर उसके दोस्त और पत्नी ने हत्या कर दी और इसे दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

एमआईडीसी थाने के एक अधिकारी ने बताया, गजानन नगर निवासी सुधीर महेंद्रप्रसाद द्विवेदी का शव 10 अगस्त की सुबह सड़क पर मिला था, जिसके बाद एमआईडीसी थाने में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया था।

उन्होंने बताया, ‘पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि सुधीर की मौत अप्राकृतिक तरीके से हुई थी। जांच में पता चला कि उसकी पत्नी पूजा के कथित तौर पर उसके दोस्त आशीषकुमार नरेशकुमार अग्निहोत्री के साथ संबंध थे।’

पुलिस के मुताबिक, सुधीर और आशीषकुमार निजी कंपनियों में काम करते थे और दोनों दोस्त थे। आरोपी अक्सर सुधीर के घर आता-जाता था। सुधीर को शक था कि उसकी पत्नी का प्रेम संबंध है, लेकिन उसे यह नहीं पता था कि उसका दोस्त भी इसमें शामिल है।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर नौ अगस्त की रात सुधीर को शराब पिलाई और फिर लोहे की छड़ से उसके सिर पर वार किया। इसके बाद दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे फेंक दिया।

उन्होंने कहा, ‘मौत को दुर्घटना जैसा दिखाने के लिए घटनास्थल पर शराब की एक बोतल छोड़ दी गई थी।’

अधिकारी ने कहा कि आशीषकुमार और मृतक की पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आशीषकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।

भाषा शुभम शोभना

शोभना