मुंबइे की उपनगरीय ट्रेन में दरवाजे खुले रखने को लेकर हुआ विवाद, व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या

Ads

मुंबइे की उपनगरीय ट्रेन में दरवाजे खुले रखने को लेकर हुआ विवाद, व्यक्ति की चाकू घोंपकर हत्या

  •  
  • Publish Date - June 24, 2026 / 02:56 PM IST,
    Updated On - June 24, 2026 / 02:56 PM IST

मुंबई, 24 जून (भाषा) मुंबई में बारिश के बीच, एक उपनगरीय ट्रेन के प्रथम श्रेणी डिब्बे में दरवाजे खुले रखने को लेकर हुए विवाद के दौरान 22 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर एक सहयात्री ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि हमलावर फरार है और उसे गिरफ्तार करने के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी उपनगरों में अंधेरी और बोरीवली रेलवे स्टेशनों के बीच मंगलवार को मयंक लोहार नामक व्यक्ति पर जानलेवा हमला किया गया। इसी दिन शहर में मानसून का भी आगमन हुआ है।

अधिकारियों ने बताया कि चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल ट्रेन रात 10:42 बजे जब अंधेरी स्टेशन पर पहुंची, तो लोहार और एक अन्य यात्री के बीच बहस हो गई।

उन्होंने बताया कि उनमें से एक चाहता था कि दरवाजे खुले रखे जाएं, जबकि दूसरे ने बारिश का हवाला देते हुए इसपर आपत्ति जताई।

अधिकारियों के मुताबिक, बहस के दौरान आरोपी ने एक धारदार हथियार निकाला और लोहार के पेट में घोंप दिया। इस हमले में लोहार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बोरिवली स्टेशन पर ट्रेन के रूकने से पहले ही आरोपी उससे कूदकर भाग गया।

उन्होंने बताया कि राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षाबल (आरपीएफ) के कर्मियों की मदद से लोहार को एक सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पश्चिम रेलवे प्रशासन ने बताया कि चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल ट्रेन के प्रथम श्रेणी डिब्बे में दरवाजे को लेकर हुए झगड़े के दौरान एक यात्री ने लोहार को चाकू मार दिया।

उसने बताया कि ट्रेन रात 11:04 बजे बोरिवली स्टेशन पहुंची और जीआरपी एवं आरपीएफ के जवान तीन मिनट के भीतर डिब्बे में पहुंच गए तथा उन्होंने चिकित्साकर्मियों को बुलाया।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, लोहार को रात 11:22 बजे बोरिवली स्टेशन के आपात चिकित्सा कक्ष लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी जांच की।

एक अधिकारी ने बताया कि चिकित्सकीय परामर्श पर रेलवे प्रशासन ने रात 11:42 बजे एम्बुलेंस से उसे कांदिवली के शताब्दी अस्पताल भेजने का इंतज़ाम किया।

रेलवे प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य सबूत जांच एजेंसियों को सौंप दिया है।

एक अधिकारी ने बताया कि जीआरपी मामले की जांच कर रही है।

भाषा

राजकुमार सुभाष

सुभाष