महाराष्ट्र में 948 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद लापता लड़की सुरक्षित मिली

महाराष्ट्र में 948 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद लापता लड़की सुरक्षित मिली

महाराष्ट्र में 948 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद लापता लड़की सुरक्षित मिली
Modified Date: June 4, 2026 / 12:32 pm IST
Published Date: June 4, 2026 12:32 pm IST

ठाणे, चार जून (भाषा) ठाणे की मुंब्रा पुलिस ने सात वर्षीय लापता बच्ची का पता लगाने के लिए 948 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद वह बदलापुर में सुरक्षित मिल गई। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि बच्ची कथित तौर पर घर में हो रहे दुर्व्यवहार से बचने के लिए भाग गई थी।

पुलिस उपायुक्त (ज़ोन-1) बालासाहेब पाटिल ने बताया कि दिवा इलाके की रहने वाली यह बच्ची 28 मई की शाम को लापता हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर छह विशेष टीमें गठित करते हुए बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया।

उन्होंने बताया कि बच्ची लापता होने के अगले ही दिन पड़ोस में लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दिखाई दी। इसके बाद 67 कैमरों की फुटेज की जांच के जरिए उसका दिवा रेलवे स्टेशन पर होना पता चला, जहां से वह एक अज्ञात व्यक्ति के साथ लोकल ट्रेन में सवार हुई थी।

अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान बच्ची अंततः सुमित शांताराम जाधव (35) के घर पर मिली, जहां वह उसके तीन नाबालिग बच्चों के साथ सुरक्षित थी।

उन्होंने बताया कि पूरे अभियान में कुल 948 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई।

पुलिस के अनुसार, जाधव ने बताया कि बच्चों की देखभाल को लेकर हुए विवाद के बाद वह अपनी पत्नी से अलग रह रहा था। उसने यह भी कहा कि उसकी अपनी बेटी भी पहले दुर्व्यवहार का शिकार हो चुकी थी और वह इस बच्ची को सुरक्षित रखना चाहता था।

अधिकारी के अनुसार, बच्ची ने बताया कि वह अपने घर से भाग गई थी क्योंकि उसके माता-पिता उसके साथ कथित तौर पर बुरा बर्ताव करते थे और उससे घर के बहुत सारे काम करवाते थे।

भाषा प्रचेता मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में