नागपुर फैक्टरी धमाका: मोदी, फडणवीस ने मृतकों के परिवार के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की

नागपुर फैक्टरी धमाका: मोदी, फडणवीस ने मृतकों के परिवार के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की

नागपुर फैक्टरी धमाका: मोदी, फडणवीस ने मृतकों के परिवार के लिए अनुग्रह राशि की घोषणा की
Modified Date: March 1, 2026 / 07:58 pm IST
Published Date: March 1, 2026 7:58 pm IST

नागपुर, एक मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महाराष्ट्र के नागपुर में खनन और औद्योगिक विस्फोटक निर्माता कंपनी ‘एसबीएल एनर्जी लिमिटेड’ की डेटोनेटर पैकिंग इकाई में रविवार को हुए विस्फोट में मारे गए लोगों के परिवार के लिए दो-दो लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये प्रति व्यक्ति की अनुग्रह राशि की घोषणा की।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि उनकी सरकार मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये प्रति व्यक्ति की सहायता राशि प्रदान करेगी, जबकि संबंधित कंपनी भी प्रभावित परिवारों को वित्तीय सहायता देगी।

नागपुर के कटोल तहसील के राउलगांव में एसबीएल एनर्जी लिमिटेड की इकाई में हुए शक्तिशाली धमाके में कम से कम 17 लोग मारे गए और 18 घायल हो गए।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस घटना को लेकर गहरा शोक व्यक्त किया।

उन्होंने कहा, ‘‘मृतकों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता कर रहा है।’’

मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिवार को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री कार्यालय के ‘एक्स’ हैंडल से जारी पोस्ट के मुताबिक फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार विस्फोट में मारे गए प्रत्येक मृतक के परिवार को पांच-पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता देगी। उन्होंने कहा कि संबंधित कंपनी भी पीड़ितों के परिवारों को वित्तीय सहायता प्रदान करेगी।

भाषा धीरज सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में