नागपुर, आठ अगस्त (भाषा) नागपुर पुलिस ने 16 वर्षीय लड़की को कथित तौर पर यातना देने और यौन उत्पीड़न के मामले की जांच के तहत आरोपी के ठाणे स्थित आवास से धारदार हथियार, लैपटॉप और बड़ी मात्रा में गर्भनिरोधक सामग्री जब्त की है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय निर्मय माधव पखारे फिलहाल न्यायिक हिरासत में है और अस्पताल में भर्ती है। आरोप है कि उसने नाबालिग लड़की को 30 घंटे से अधिक समय तक बंधक बनाकर रखा, उसके हाथ-पैर बांध दिए और उसका यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने बताया कि उसने लड़की पर चाकू से करीब 20 बार वार भी किए थे। पुलिस ने लड़की को नागपुर के डिंगोरी इलाके में उसके किराये के कमरे से मुक्त कराया था।
अधिकारी ने बताया कि हुडकेश्वर पुलिस थाने की एक टीम ने ठाणे स्थित पखारे के घर पर शुक्रवार को छापेमारी की और वहां से आठ चाकू, चॉपर और अन्य धारदार हथियार, एक लैपटॉप तथा बड़ी मात्रा में गर्भनिरोधक सामग्री बरामद की।
उन्होंने बताया कि जब्त किए गए सामान को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के माता-पिता अलग रहते हैं। वह अपने बड़े भाई और मां के साथ रह रहा था, उसकी मां का मनोचिकित्सकीय उपचार चल रहा है।
अधिकारी ने बताया कि बुधवार रात नियमित चिकित्सकीय जांच के दौरान सीने में दर्द की शिकायत के बाद पखारे को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उसे अस्पताल में रखने की सलाह दी थी। पखारे का इलाज सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच) में चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
बृहस्पतिवार को उसकी पुलिस हिरासत की अवधि खत्म होने के बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता का मोबाइल फोन पहले ही अनलॉक कर लिया है और उसमें मौजूद चैट, कॉल रिकॉर्ड तथा अन्य डिजिटल सामग्री की जांच की जा रही है। इसका उद्देश्य घटनाक्रम की कड़ी को जोड़ना और अन्य साक्ष्यों की पुष्टि करना है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की आरोपी से दोस्ती इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी।
आरोप है कि पखारे ने उसे नागपुर के डिंगोरी इलाके में किराये के अपने कमरे में 30 घंटे से अधिक समय तक बंधक बनाकर रखा, उसके हाथ-पैर बांध दिए और कई बार उसका यौन उत्पीड़न किया।
पुलिस ने तीन अगस्त की रात कमरे का दरवाजा तोड़कर लड़की को बचाया था।
पखारे के खिलाफ पॉक्सो (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण) अधिनियम और अपहरण समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा शोभना प्रशांत
प्रशांत