नासिक, दो मई (भाषा) नासिक की एक अदालत ने शनिवार को टीसीएस की नासिक इकाई में कथित यौन उत्पीड़न और जबरन धर्म परिवर्तन से संबंधित मामले में आरोपी निदा खान की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। अभियोजन पक्ष ने निदा खान से हिरासत में पूछताछ की आवश्यकता पर जोर दिया।
लोक अभियोजक अजय मिसर ने पत्रकारों से कहा, “यह एक गंभीर अपराध है। निदा खान मुख्य आरोपियों में से एक है, इसलिए उससे हिरासत में पूछताछ आवश्यक है। अदालत ने आज निदा खान की जमानत याचिका खारिज कर दी। अंतिम आदेश जल्द ही अपलोड किया जाएगा।”
प्राथमिकी के अनुसार, खान ने कथित तौर पर महिला कर्मचारियों को इस्लामी परंपराओं के अनुसार कपड़े पहनने और व्यवहार करने की सलाह दी थी।
निदा खान ने अपने गर्भवती होने का हवाला देते हुए अग्रिम जमानत मांगी थी।
पुलिस ने बताया था कि महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में उसकी तलाश जारी है।
नासिक पुलिस का विशेष जांच दल (एसआईटी) आईटी कंपनी की नासिक इकाई में पुरुष कर्मियों द्वारा कुछ महिला कर्मचारियों का यौन उत्पीड़न किए जाने के नौ मामलों की जांच कर रहा है। एसआईटी ने नौ प्राथमिकी दर्ज कर एक महिला ऑपरेशन मैनेजर सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) ने पिछले महीने कहा था कि कंपनी लंबे समय से किसी भी प्रकार के उत्पीड़न और जबरदस्ती को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपना रही है।
भाषा वैभव दिलीप
दिलीप