मिट्टी, पानी एवं स्वास्थ्य को बचाये रखने के लिए प्राकृतिक खेती अहम है: महाराष्ट्र के राज्यपाल

मिट्टी, पानी एवं स्वास्थ्य को बचाये रखने के लिए प्राकृतिक खेती अहम है: महाराष्ट्र के राज्यपाल

मिट्टी, पानी एवं स्वास्थ्य को बचाये रखने के लिए प्राकृतिक खेती अहम है: महाराष्ट्र के राज्यपाल
Modified Date: February 27, 2026 / 04:34 pm IST
Published Date: February 27, 2026 4:34 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

नागपुर, 27 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने ‘मिट्टी, पानी और स्वास्थ्य को बचाये रखने’ के लिए प्राकृतिक खेती की ओर रूख करने की अपील करते हुए कहा कि कहा कि यूरिया जैसे हानिकारक उर्वरकों के व्यापक उपयोग से रक्तचाप और मधुमेह जैसी बीमारियां बढ़ी हैं।

देवव्रत ने बृहस्पतिवार को यहां ‘लोकमत टाइम्स एक्सीलेंस इन हेल्थकेयर अवार्ड्स-2025’ समारोह को संबोधित करते हुए डॉक्टरों से समाज को रोगमुक्त, स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ने में सक्रिय मार्गदर्शन करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा, “जो जानवर कैद में नहीं रहते, वे शायद ही कभी बीमार पड़ते हैं। डॉक्टर की जरूरत सिर्फ मनुष्यों को पड़ती है। ऐसा इसलिए है क्योंकि हम प्रकृति से दूर होते जा रहे हैं। हम स्वस्थ आहार की जगह फास्ट फूड और जंक फूड खा रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि मनुष्य हर तरह से पर्यावरण को प्रदूषित कर रहे हैं।

राज्यपाल ने मिट्टी, पानी और स्वास्थ्य को बचाने के लिए प्राकृतिक खेती की वकालत करते हुए कहा, ‘‘हम हानिकारक यूरिया उर्वरक का उपयोग कर रहे हैं, जो हमारे भोजन के माध्यम से हमारे शरीर में प्रवेश कर रहा है। गुजरात में आदिवासी भी अब अपने भोजन में हानिकारक पदार्थों के कारण उच्च रक्तचाप और मधुमेह से ग्रस्त हो रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘बुद्धि ही वह चीज है जो मनुष्यों को अन्य जीवों से अलग करती है, लेकिन इस बुद्धि का सदुपयोग किया जाना चाहिए क्योंकि इसमें विनाशकारी क्षमता भी है।’’

इस अवसर पर महाराष्ट्र के सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री प्रकाश अबितकर, नागपुर की महापौर नीता ठाकरे, लोकमत संपादकीय मंडल के अध्यक्ष और पूर्व सांसद डॉ. विजय दरदा, राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (एनईआरआई, नागपुर) के निदेशक डॉ. एस. वेंकट मोहन, पद्म श्री सम्मानित डॉ. विकास महात्मे, पद्म श्री सम्मानित डॉ. चंद्रशेखर मेश्राम, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (नागपुर) के निदेशक डॉ. प्रशांत जोशी समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

राज्यपाल ने निष्पक्ष पत्रकारिता और जनकल्याणकारी कार्यों को लेकर लोकमत मीडिया ग्रुप की सराहना की।

उन्होंने कहा कि लोकमत ने निष्पक्ष और तटस्थ पत्रकारिता के लिए एक अग्रणी मंच के रूप में अपनी पहचान स्थापित की है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के अलावा, इसने आपदा राहत, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और अन्य सामाजिक क्षेत्रों में पहलों के माध्यम से जन कल्याण में सक्रिय योगदान दिया है।

भाषा राजकुमार माधव

माधव


लेखक के बारे में