एनसीबी मादक पदार्थ तस्कर सलीम डोला को दिल्ली से मुंबई लेकर आई

Ads

एनसीबी मादक पदार्थ तस्कर सलीम डोला को दिल्ली से मुंबई लेकर आई

  •  
  • Publish Date - April 29, 2026 / 07:49 PM IST,
    Updated On - April 29, 2026 / 07:49 PM IST

मुंबई, 29 अप्रैल (भाषा) भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम के करीबी सहयोगी एवं कुख्यात मादक पदार्थ तस्कर मोहम्मद सलीम डोला को बुधवार शाम स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा दिल्ली से मुंबई लाया गया।

इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा, ‘‘एनसीबी अधिकारियों की एक टीम सलीम डोला को दिल्ली से मुंबई लेकर आई। वे शाम को छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे।’’

उन्होंने बताया कि डोला को बाद में दक्षिण मुंबई स्थित एनसीबी कार्यालय ले जाया गया।

अधिकारी के अनुसार, उसे बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

एनसीबी ने मंगलवार को डोला को तुर्किये से वापस लाने में सफलता हासिल की और उसे दिल्ली लाया गया।

डोला (59) को मार्च 2024 में भारत के अनुरोध पर जारी इंटरपोल रेड नोटिस के आधार पर तुर्किये में गिरफ्तार किया गया था। वह भारत में मादक पदार्थों की तस्करी के कई मामलों में वांछित था और कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बच रहा था।

दिल्ली की एक अदालत ने मंगलवार को एनसीबी को डोला को मुंबई ले जाने के लिए दो दिन के ट्रांजिट रिमांड की अनुमति दी।

इंटरपोल रेड नोटिस डेटाबेस के अनुसार, 31 दिसंबर, 1966 को जन्मा डोला हिंदी और मराठी बोलता है और उस पर स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत कई आरोप हैं।

गृह मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि उसके दो दशक लंबे आपराधिक इतिहास में महाराष्ट्र और गुजरात में हेरोइन, चरस, मेफेड्रोन, मैंड्रैक्स और मेथम्फेटामाइन की कई खेपों की जब्ती से जुड़े मामलों में उसकी प्रत्यक्ष संलिप्तता शामिल है।

भाषा नेत्रपाल

नेत्रपाल