राकांपा के गुटों के बीच विलय की बातचीत जारी थी: सुनील तटकरे
राकांपा के गुटों के बीच विलय की बातचीत जारी थी: सुनील तटकरे
मुंबई, एक अप्रैल (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा है कि राकांपा के दोनों गुटों के बीच विलय की बातचीत उस समय चल रही थी जब तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार जीवित थे।
पूर्व में शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शप) ने माना था कि विलय पर चर्चा हो रहीथी लेकिन राकांपा ने इससे इनकार किया था।
तटकरे ने कहा कि वह विलय के खिलाफ नहीं थे। उन्होंने यह भी कहा कि राकांपा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के साथ रहेगी।
मराठी समाचार चैनल के साथ एक साक्षात्कार में तटकरे की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए, राकांपा (शरदचंद्र पवार) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने बुधवार को राकांपा नेताओं द्वारा प्रारंभिक खंडन और बाद में सामने आए ‘‘विरोधाभासों’’ का जिक्र किया।
राकांपा प्रमुख एवं तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन पर शोक मना रही पार्टी में विलय की बातचीत सार्वजनिक होने पर निराशा व्यक्त करते हुए तटकरे ने कहा कि असली सवाल यह है कि ‘‘कौन किसके साथ विलय करेगा?’’
अजित पवार की 28 जनवरी को विमान हादसे में मृत्यु के ठीक बाद, शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शप) के वरिष्ठ नेताओं ने दावा किया था कि राकांपा प्रमुख की मृत्यु से पहले विलय की योजना पर चर्चा हो रही थी। राकांपा नेताओं ने तब इस दावे को खारिज करते हुए कहा था कि ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया था।
अजित पवार के करीबी रहे राकांपा विधायक सुनील शेल्के और विधानसभा में उपसभापति अन्ना बनसोडे ने हाल में पार्टी के विलय का समर्थन किया है। राकांपा का नेतृत्व अब उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार कर रही हैं।
तटकरे ने एक मराठी चैनल को बताया, ‘‘ऐसा नहीं है कि मैं विलय के खिलाफ था। मुझे बातचीत की जानकारी थी।’’
तटकरे की टिप्पणियों पर राकांपा (शप) नेता शशिकांत शिंदे ने कहा कि राकांपा नेताओं के पहले के वे दावे, जिनमें कहा गया था कि दोनों गुटों के विलय पर कोई चर्चा नहीं हुई थी, अब खुद उनकी इस स्वीकारोक्ति से गलत साबित हो रहे हैं।
मंत्री अदिति तटकरे ने कहा कि राकांपा कार्यकर्ता प्रतिद्वंद्वी गुटों के विलय के संबंध में पार्टी प्रमुख सुनेत्रा पवार द्वारा लिए गए किसी भी निर्णय का समर्थन करेंगे।
विलय वार्ता के बारे में एक प्रश्न पर और राकांपा नेता अदिति ने पत्रकारों से कहा, ‘‘पार्टी कार्यकर्ता सुनेत्रा पवार के साथ मजबूती से खड़े हैं और उनके नेतृत्व में लिए गए निर्णयों का समर्थन करेंगे।’’
भाषा आशीष देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


