मुंबई, पांच जून (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) नेता रोहिणी खडसे ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से आग्रह किया कि वे कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके की सुरक्षा का मुद्दा केंद्र सरकार के समक्ष उठाएं, और दावा किया कि भारत लौटने पर उन पर हमले की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है।
परीक्षा संबंधी खामियों को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजधानी के जंतर-मंतर पर सीजेपी के आंदोलन में शामिल होने के लिए दीपके के छह जून को भारत पहुंचने की उम्मीद है।
राकांपा (शप) की महिला शाखा की प्रदेश अध्यक्ष खडसे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “अभिजीत दीपके पर हमले की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री को केंद्र सरकार से बात करनी चाहिए और उनकी पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।”
खडसे ने दावा किया कि दीपके ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) से संबंधित मुद्दों पर देश भर के युवाओं को एकजुट करके एक आंदोलन का नेतृत्व किया था और उन्हें अतीत में उनके अभियान के विरोधियों से धमकियां मिली थीं।
उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र का नागरिक होने के नाते, दीपके को जन आंदोलन का नेतृत्व करने और अपने विचार व्यक्त करने का लोकतांत्रिक अधिकार है। दीपके के भारत लौटने पर उन पर हमले की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री को इस मामले पर विशेष ध्यान देना चाहिए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्र से बात करनी चाहिए।”
भाषा प्रशांत दिलीप
दिलीप