भारत के “सक्रिय प्रतिरोध” सिद्धांत के सूत्रधार हैं एनएसए अजित डोभाल: फडणवीस
भारत के “सक्रिय प्रतिरोध” सिद्धांत के सूत्रधार हैं एनएसए अजित डोभाल: फडणवीस
पुणे, एक अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने शनिवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल को भारत के ‘सक्रिय प्रतिरोध’ सिद्धांत का सूत्रधार बताया और कहा कि देश पहले हमले सहता था, लेकिन अब मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पुणे में एक कार्यक्रम के दौरान डोभाल को लोकमान्य तिलक राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया।
इस अवसर पर मौजूद फडणवीस ने कहा, “यह एक बहुत बड़ा क्षण है। जो पुरस्कार पहले देश की कई प्रतिष्ठित हस्तियों को दिया जा चुका है, आज वह ऐसे व्यक्ति को दिया जा रहा है जिसने भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा को नयी दिशा दी है।”
शाह और डोभाल का जिक्र करते हुए फडणवीस ने कहा, “एक ‘धुरंधर’ दूसरे ‘धुरंधर’ को पुरस्कार दे रहा है। राजनीति के चाणक्य, राष्ट्रीय सुरक्षा के चाणक्य को पुरस्कार प्रदान कर रहे हैं।”
मुख्यमंत्री ने भारत के ‘सक्रिय प्रतिरोध’ सिद्धांत को तैयार करने का श्रेय डोभाल को दिया।
उन्होंने कहा कि इस सिद्धांत ने देश के सुरक्षा दृष्टिकोण को मूल रूप से बदल दिया।
फडणवीस ने कहा, “इस सिद्धांत के कारण भारत अब ऐसा देश नहीं रहा जो केवल मार खाता रहे। अब यह ऐसा राष्ट्र है जो मानता है कि ‘घर में घुस के मारेंगे’।”
भाषा जोहेब देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


