पालघर में एसआईआर कार्य से अनुपस्थित रहने पर अधिकारी निलंबित

पालघर में एसआईआर कार्य से अनुपस्थित रहने पर अधिकारी निलंबित

पालघर में एसआईआर कार्य से अनुपस्थित रहने पर अधिकारी निलंबित
Modified Date: August 1, 2026 / 12:05 pm IST
Published Date: August 1, 2026 12:05 pm IST

पालघर, एक अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के लिए नियुक्त सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी को कथित तौर पर बिना अनुमति के कार्य घंटों के दौरान अनुपस्थित रहने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पालघर प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 132-नालासोपारा विधानसभा क्षेत्र के लिए नियुक्त वसई पंचायत समिति के समूह शिक्षा अधिकारी गोपाल चौधरी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर रहे थे।

विज्ञप्ति में कहा गया कि सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी बनाए जाने के बाद चौधरी सक्षम प्राधिकारी से पूर्व सूचना या अनुमति लिए बिना कार्य समय के दौरान अनुपस्थित रहे। साथ ही उन्होंने एसआईआर से जुड़ा कोई काम नहीं किया।

प्रशासन ने आरोप लगाया कि उनकी लापरवाही, काम के प्रति उदासीनता और देरी तथा अपनी जिम्मेदारी ठीक से नहीं निभाने के कारण निर्वाचन क्षेत्र में चुनाव संबंधी कार्य प्रभावित हुए।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पालघर के जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 के प्रावधानों के तहत उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश दिए हैं।

प्रशासन ने कहा कि एसआईआर निर्वाचन आयोग का एक महत्वपूर्ण और समयबद्ध अभियान है। इसमें लापरवाही, ढिलाई, देरी या अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में किसी भी तरह की चूक को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में