गढ़चिरौली, पांच फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में पिछले 24 घंटे से जारी मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया, जबकि एक सी-60 कमांडो घायल हो गया। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि मंगलवार शाम को प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की कंपनी नंबर 10 के उग्रवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद भामराग के एसडीपीओ के नेतृत्व में 14 सी-60 यूनिटों के साथ गढ़चिरौली-नारायणपुर सीमा पर फोडेवाड़ा गांव के पास यह अभियान शुरू किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘बुधवार को हुई मुठभेड़ के परिणामस्वरूप दो नक्सली शिविरों का भंडाफोड़ हुआ। इस दौरान नक्सलियों का सामान बरामद हुआ, हालांकि दुर्गम इलाके और घने जंगल के कारण नक्सलियों का पता नहीं लगाया जा सका। बृहस्पतिवार की सुबह मौजूदा घेराबंदी के तहत अतिरिक्त चार सी-60 यूनिट और सीआरपीएफ की क्यूएटी की एक यूनिट को तैनात किया गया।’’
अधिकारी ने कहा कि आज सुबह से मुठभेड़ जारी है और अब तक एक नक्सली का शव बरामद किया गया है। उन्होंने कहा कि एक एके-47 राइफल और एक सेल्फ-लोडिंग राइफल भी बरामद की गई है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘मारे गए नक्सली की पहचान अभी नहीं हो पाई है। अन्य माओवादियों के घायल होने या मारे जाने की संभावना का पता लगाया जा रहा है। आज शाम सी-60 के एक जवान को गोली लग गई जिसे निकालने की प्रक्रिया जारी है। मुठभेड़ और तलाशी अभियान समाप्त होने के बाद अधिक जानकारी मिल सकेगी।’’
भाषा संतोष जोहेब
जोहेब