मुंबई, आठ जून (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सोमवार को दावा किया कि विपक्ष का मनोबल पूरी तरह टूट चुका है और 2023 में राष्ट्रीय स्तर पर बना उसका गठबंधन ‘इंडिया’ “कमजोर और पंगु” स्थिति में पहुंच गया है।
भाजपा के सहयोगी दल शिवसेना के प्रमुख शिंदे ने कहा कि 20 से अधिक दलों वाले इस गठबंधन में चुनावी हार का डर और आंतरिक मतभेद इतने बढ़ गए हैं कि कई नेता असहज महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने नयी दिल्ली में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के नेताओं की बैठक पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए यह बात कही।
राष्ट्रीय राजधानी में पत्रकारों से बातचीत में शिंदे ने अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर अप्रत्यक्ष रूप से तंज कसा।
उन्होंने कहा कि जो नेता कभी सबको एकजुट रखने की कोशिश करते थे, वे अब ऐसी बैठकों से अनुपस्थित रहते हैं और केवल फेसबुक लाइव के जरिये ही भाग लेते हैं।
उन्होंने कहा कि “विपक्ष का मनोबल पूरी तरह टूट चुका है और इंडिया गठबंधन कमजोर तथा पंगु स्थिति में पहुंच गया है।”
भाषा जोहेब सुरेश
सुरेश