नागपुर में 12 से अधिक स्कूलों को बम की धमकी वाले ईमेल, तलाशी में कुछ नहीं मिला
नागपुर में 12 से अधिक स्कूलों को बम की धमकी वाले ईमेल, तलाशी में कुछ नहीं मिला
नागपुर, 18 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर शहर में मंगलवार तड़के 12 से अधिक स्कूलों को बम विस्फोट की धमकी वाले ईमेल मिले। पुलिस ने स्कूल परिसरों की तलाशी ली, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, ईमेल जीमेल खाते से भेजे गए थे और इनमें 31 अगस्त को स्कूलों में विस्फोट किए जाने की धमकी दी गई थी लेकिन परिसरों की तलाशी में कुछ नहीं मिला।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई टीम स्कूलों में भेजीं। अधिकारियों ने बताया कि व्यापक तलाशी के बाद सभी स्कूलों में धमकी फर्जी पाई गई क्योंकि किसी भी परिसर से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ।
पुलिस के अनुसार, धमकी वाले ईमेल में कहा गया था कि 31 अगस्त को अपराह्न 1:11 बजे स्कूलों में, अपराह्न 2:11 बजे अदालतों में और अपराह्न तीन बजे कार्यालयों में विस्फोट किए जाएंगे।
ईमेल में खालिस्तान, राष्ट्रीय स्वयं संघ (आरएसएस), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कई राजनीतिक नेताओं का भी उल्लेख किया गया था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि ईमेल के स्रोत और इसे भेजने वाले व्यक्ति का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है तथा इस संबंध में मामला दर्ज किया जाएगा।
भाषा मनीषा सुरभि
सुरभि

Facebook


