दशहरा रैली, दुर्गा मूर्ति विसर्जन के मद्देनजर मुंबई में 19,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
दशहरा रैली, दुर्गा मूर्ति विसर्जन के मद्देनजर मुंबई में 19,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
मुंबई, एक अक्टूबर (भाषा) मुंबई पुलिस ने राजनीतिक दलों की दशहरा रैलियों और दुर्गा मूर्ति विसर्जन की शोभायात्राओं के मद्देनजर 16,500 से अधिक कांस्टेबल और लगभग 2,900 अधिकारियों के अलावा विभिन्न विशेष इकाइयों के कर्मियों को शहर भर में तैनात किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
इस साल, दशहरा व गांधी जयती एक ही दिन मनाई जा रही है।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में सत्तारूढ़ शिवसेना गोरेगांव के ‘नेस्को सेंटर’ में अपनी वार्षिक दशहरा रैली आयोजित करेगी, हालांकि यह कार्यक्रम पहले दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में होने वाला था।
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में विपक्षी शिवसेना (उबाठा) मध्य मुंबई के दादर इलाके में अपने पारंपरिक स्थल – शिवाजी पार्क में अपनी रैली आयोजित करेगी।
बड़ी संख्या में समर्थकों के अपने संबंधित दलों की रैलियों में भाग लेने के लिए शहर में एकत्र होने की संभावना है।
एक अधिकारी ने बुधवार को कहा, ‘‘इन राजनीतिक रैलियों और दुर्गा मूर्ति विसर्जन शोभायात्राओं के मद्देनजर, पुलिस ने कानून और व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के वास्ते व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस के सात अतिरिक्त आयुक्त, 26 उपायुक्त, 52 सहायक आयुक्त, 2890 अधिकारी और 16,552 कांस्टेबल तैनात किए गए हैं।’’
उन्होंने कहा कि इनके अलावा, राज्य रिजर्व पुलिस (एसआरपी) की टुकड़ियां, त्वरित प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), बम निरोधक एवं निपटान दस्ता (बीडीडीएस), श्वान दस्ते, साथ ही डेल्टा, लड़ाकू एवं दंगा नियंत्रण तथा होमगार्ड की टीमें भी स्थिति पर नजर रखने के लिए तैनात हैं।
मुंबई यातायात पुलिस ने यातायात नियमन के लिए भी प्रबंध किए हैं और इसके रैलियों व शोभायात्राओं के मद्देनजर मार्ग परिवर्तित किए गए हैं।
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश

Facebook


