पवार ने त्योहारों में ‘डीजे’ के इस्तेमाल के खिलाफ बापट के रुख का समर्थन किया
पवार ने त्योहारों में ‘डीजे’ के इस्तेमाल के खिलाफ बापट के रुख का समर्थन किया
पुणे, चार सितंबर (भाषा) राकांपा (शप) प्रमुख शरद पवार ने शुक्रवार को कार्यकर्ता विद्यानंद बापट का समर्थन किया, जिन्होंने त्योहारों के दौरान तेज आवाज़ वाले ‘डीजे’ के इस्तेमाल का विरोध किया है।
पवार ने बापट पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि अपनी राय रखने के लिए किसी के साथ हिंसा करना लोकतंत्र पर हमला है।
उन्होंने कहा कि बापट ने जो मुद्दा उठाया है, वह सही है और वह गलत तौर-तरीकों के खिलाफ़ बोल रहे हैं।
बापट गणेशोत्सव सहित विभिन्न त्योहारों के दौरान ‘डीजे’ और लाउडस्पीकर के इस्तेमाल का खुलकर विरोध करते रहे हैं। बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया। यह घटना तब हुई जब वह यहां तिलक रोड पर एक टेलीविज़न समाचार चैनल से बात कर रहे थे। यह घटना कैमरे में कैद हो गई और बाद में पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया।
पवार ने कहा कि त्योहारों से खुशियां फैलनी चाहिए, न कि वे परेशानी का कारण बनें।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘त्योहार सुखद होने चाहिए और लोगों में खुशियां लानी चाहिए। सड़कों पर डीजे और कार्यक्रमों की तेज़ आवाज़ त्योहार की गंभीरता को खत्म कर देती है।’’
पवार ने कहा, ‘‘मैं विद्यानंद बापट को नहीं जानता, लेकिन उन्होंने जो मुद्दा उठाया है, वह सही है। गणेशोत्सव मनाने की परंपरा है, लेकिन बापट गलत तौर-तरीकों के खिलाफ़ अपनी राय रख रहे हैं। मैं उनके रुख का समर्थन करता हूँ।’’
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने बापट पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि विचारों में मतभेद के कारण हिंसा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुणे पुलिस आयुक्त और अन्य अधिकारियों को इस मुद्दे पर ज़्यादा ध्यान देने की ज़रूरत है।
पवार ने सोलापुर में ‘डीजे’ साउंड सिस्टम और लेजर लाइट पर लगी रोक का ज़िक्र करते हुए कहा कि दूसरी जगहों पर भी ऐसे फैसलों पर विचार करने की ज़रूरत है।
भाषा अविनाश दिलीप
दिलीप

Facebook


