प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले एक दशक में अर्थव्यवस्था और संस्थानों को ‘कमजोर’ किया : शर्मिला
प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले एक दशक में अर्थव्यवस्था और संस्थानों को ‘कमजोर’ किया : शर्मिला
अमरावती, चार जून (भाषा) कांग्रेस की आंध्र प्रदेश इकाई की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘‘समय समाप्त हो गया है’’, जिन्होंने पिछले एक दशक में भारतीय अर्थव्यवस्था, संस्थानों और जनता के विश्वास को ‘‘कमजोर’’ कर दिया है।
शर्मिला ने कहा कि संस्थानों में जनता का विश्वास कम हो गया है और व्यवस्था के भीतर से असहमति की आवाजें तेजी से उभर रही हैं।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मोदी सरकार को विरासत में एक मजबूत अर्थव्यवस्था, सुदृढ़ संस्थाएं और अपार जनविश्वास मिला था। लेकिन महज एक दशक में इसने इन तीनों को कमजोर कर दिया है। मोदी जी, आपका समय समाप्त हो गया है।’’
शर्मिला ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बार-बार आगाह किया है कि कथित प्रचार, भाई-भतीजावाद और धन के संकेंद्रण पर आधारित अर्थव्यवस्था किसी बड़े वैश्विक झटके का सामना नहीं कर सकती।
उन्होंने कहा कि गांधी की चेतावनी सच साबित हो रही है।
कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘बेरोजगारी बढ़ रही है, घरेलू बचत घट रही है, छोटे व्यवसाय टिके रहने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और असमानता खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है।’’
उन्होंने कहा कि राजग सरकार के 12 साल के शासनकाल ने वैश्विक अनिश्चितता के बढ़ते दौर में भारत को कहीं अधिक असुरक्षित बना दिया है।
इस बीच, भाजपा की आंध्र प्रदेश इकाई की वरिष्ठ नेता सादिनेनी यामिनी शर्मा ने कहा कि शर्मिला और राहुल गांधी का अर्थव्यवस्था पर बोलना ‘‘नीतिगत गतिरोध के रचनाकारों द्वारा विकास पर भाषण दिए जाने’’ जैसा है।
शर्मा ने पीटीआई-भाषा से कहा, “कांग्रेस ने भारत को विश्व की सबसे कमजोर अर्थव्यवस्थाओं में से एक के रूप में छोड़ा था, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, वैश्विक विनिर्माण केंद्र, डिजिटल शक्ति केंद्र और सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बन गया है। ये भाजपा के दावे नहीं हैं; ये विश्व स्तर पर स्वीकृत तथ्य हैं।”
भाषा नेत्रपाल मनीषा
मनीषा

Facebook


