(तस्वीरों के साथ)
अमरावती, 10 मई (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को हैदराबाद में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण के आवासों पर जाकर उनसे मुलाकात की।
हैदराबाद यात्रा के दौरान उन्होंने ये मुलाकातें कीं। यात्रा के दौरान उन्होंने एक जनसभा में हिस्सा लिया और कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आज हमारे आवास पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करना हमारे लिए सम्मान और खुशी की बात है। उनकी गर्मजोशी, स्नेह और संवाद ने इस अवसर को हमारे लिए विशेष बना दिया।”
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के दौरे को “यादगार” करार दिया और कहा कि उनका परिवार हमेशा इस याद को संजोकर रखेगा।
नायडू ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त किया और आंध्र प्रदेश की विकास यात्रा के प्रति उनके सतत प्रोत्साहन व समर्थन की सराहना की।
इसके बाद, प्रधानमंत्री मोदी पवन कल्याण के आवास भी गए और हाल ही में हुई सर्जरी के बाद उनकी सेहत के बारे में जानकारी ली।
कल्याण के परिवार ने प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया। मोदी ने कल्याण के आवास पर लगभग 20 मिनट ठहरकर बातचीत की।
जनसेना पार्टी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लेने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश