मुंबई, दो अप्रैल (भाषा) पुणे के एक किसान ने अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे और उनके पति फिल्म निर्माता गोल्डी बहल के खिलाफ जमीन हड़पने का आरोप लगाते हुए अदालत में याचिका दायर की है।
किसान ने सोनाली और गोल्डी पर डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया है।
हालांकि, सोनाली ने इस आरोप को खारिज करते हुए कहा कि यह पैसे ऐंठने की कोशिश है, क्योंकि जमीन खरीद के किसी भी दस्तावेज में उनका नाम नहीं है।
शिकायतकर्ताओं – चंद्रकांत बालू शिंदे (50) और उनकी मां कमलबाई (75) – का दावा है कि दंपति ने अपने सामाजिक प्रभाव का इस्तेमाल किया और स्थानीय पुलिस की मदद से जिले के मावल तालुका के उक्सान गांव में उनकी 30 ‘गुंठा’ (32,000 वर्ग फुट से अधिक) जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया।
सोनाली, गोल्डी और दो अन्य लोगों के खिलाफ यह मुकदमा पिछले महीने वकील वनराज शिंदे के माध्यम से वडगांव मावल स्थित एक दीवानी अदालत में दायर किया गया था। मामले की अगली सुनवाई 24 अप्रैल को होगी।
मुकदमे के अनुसार, शिंदे परिवार 1940 के दशक से इस भूमि पर खेती कर रहा है। परिवार ने आरोप लगाया कि 1980 के दशक में बिना किसी सूचना के राजस्व अभिलेखों से उसके सदस्यों के नाम अवैध रूप से हटा दिए गए थे।
यह विवाद तब शुरू हुआ, जब मूल मालिकों ने कथित तौर पर 2012 में जमीन एक स्थानीय व्यक्ति को बेच दी, जिसने बाद में मार्च 2021 में इसका एक हिस्सा गोल्डी बहल को बेच दिया।
भाषा शफीक पारुल
पारुल