पुणे के कारोबारी को ‘बिश्नोई गिरोह’ से मिली जबरन वसूली की धमकी, कारखाने पर चली गोलियां

Ads

पुणे के कारोबारी को ‘बिश्नोई गिरोह’ से मिली जबरन वसूली की धमकी, कारखाने पर चली गोलियां

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 12:00 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 12:00 PM IST

पुणे, 23 जून (भाषा) बिश्नोई गैंग का सदस्य होने का दावा करने वाले एक अज्ञात व्यक्ति ने पुणे के एक व्यापारी से जबरन पैसे वसूलने की कोशिश की, और कुछ लोगों ने कारोबारी की औद्योगिक इकाई पर गोली भी चलाई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

इस्पात के सामान का कारोबार करने वाले अमोल राजेंद्र चमदाई ने वानवडी पुलिस को बताया कि सोमवार शाम करीब 4.30 बजे उन्हें एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने अपना नाम ‘आरजू बिश्नोई’ बताया और धमकी देते हुए उनसे पैसे मांगे। पुलिस ने इस बारे में ज़्यादा जानकारी नहीं दी।

एक अधिकारी ने बताया कि चमदाई आगे की कार्रवाई के लिए फुरसुंगी पुलिस थाने गए।

अधिकारी ने बताया कि जब वह पुलिस थाने में मौजूद थे, तभी रात 8.10 बजे फुरसुंगी इलाके में उनकी औद्योगिक इकाई पर चार राउंड गोली चलाई गईं।

पुलिस ने बताया कि किसी के घायल होने की खबर नहीं है।

पुलिस ने जबरन वसूली की कॉल और गोलीबारी की घटना की जांच शुरू कर दी है ताकि दोषियों की पहचान की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि क्या ये दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हैं।

अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर फुरसुंगी पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

भाषा वैभव मनीषा

मनीषा