महाराष्ट्र: पुणे में दो साल के बच्चे की नाली में डूबने से मौत, ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज
महाराष्ट्र: पुणे में दो साल के बच्चे की नाली में डूबने से मौत, ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज
पुणे, तीन जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे जिले में बारिश के पानी से भरी लगभग तीन फुट गहरी नाली में गिरने से दो साल के एक बच्चे की मौत हो गई और पुलिस ने इस संबंध में ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना 30 जून को लोनी ग्राम पंचायत क्षेत्र के कदमवाक वस्ती में हुई थी।
पुलिस के अनुसार, बारिश के पानी की निकासी को सुगम बनाने के लिए नाले के किनारे यह दूसरी नाली खोदी गई थी।
इस नाली में बारिश का पानी और सीवेज जमा हो गया था।
अधिकारियों ने बताया कि पास की बस्ती में रहने वाला बच्चा खेलते समय गलती से उसमें गिर गया।
उन्होंने बताया कि जब बच्चे के माता-पिता को एहसास हुआ कि वह काफी देर से दिखाई नहीं दे रहा है, तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की और बाद में उसका शव उसी नाली से बरामद किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं करने और कथित लापरवाही बरतने के आरोप में ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा जितेंद्र वैभव
वैभव

Facebook


