राज ने उद्धव के 66वें जन्मदिन पर उनसे मुलाकात की

Ads

राज ने उद्धव के 66वें जन्मदिन पर उनसे मुलाकात की

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 05:24 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 05:24 PM IST

मुंबई, 27 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने सोमवार को अपने चचेरे भाई एवं शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात कर उन्हें उनके 66वें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

उद्धव ठाकरे को उनके जन्मदिन की बधाई देने के लिए राज ठाकरे ने मुंबई के बांद्रा स्थित उद्धव ठाकरे के आवास ‘मातोश्री’ पहुंचे ।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे भी जून में राज ठाकरे के जन्मदिन पर उनके आवास ‘शिवतीर्थ’ जाकर उनसे मुलाकात की थी।

दोनों नेताओं ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र कथित लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के उपरांत रविवार को शिवाजी पार्क से सिद्धिविनायक मंदिर तक एक ‘‘उत्सव’’ मार्च निकाला था।

लंबे समय तक अलग-अलग रहने वाले दोनों चचेरे भाई जुलाई 2025 में पहली बार करीब दो दशक बाद सार्वजनिक रूप से एक मंच पर नजर आए थे। यह मौका राज्य के विद्यालयों में हिंदी को तीसरी भाषा के रूप में लागू करने वाले सरकारी आदेशों को वापस लिए जाने के बाद आया था।

बाद में दोनों नेताओं ने जनवरी 2026 में होने वाले बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव में साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया, हालांकि भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने चुनाव में जीत हासिल की।

राज ठाकरे ने 2005 में उद्धव ठाकरे से मतभेदों के बाद शिवसेना छोड़ दी थी और बाद में मनसे का गठन किया था।

भाषा अमित रंजन

रंजन