मुंबई, चार जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने शनिवार को भाजपा की मुंबई इकाई के अध्यक्ष अमित साटम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें अमित साटम बारिश के कारण हुई मौतों के बारे में बात करते हुए मुस्कुराते नजर आ रहे हैं।
सोशल मीडिया मंच ‘फेसबुक’ पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को संबोधित करते हुए ठाकरे ने कहा कि देश भर के लोग दावा करते हैं कि केंद्र में भाजपा का नेतृत्व सत्ता के कारण अहंकारी हो गया है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के लोगों के आचरण को लेकर जनता में लंबे समय से नाराजगी रही है।
ठाकरे ने पूछा, ‘लेकिन क्या यह रवैया अब हमारे राज्य में भी फैल गया है? और क्या आप इसे फैलने दे रहे हैं?’
ठाकरे ने कहा, ‘आपके एक विधायक और पार्टी पदाधिकारी लोगों की मौत पर खुलकर हंसते हैं और फिर भी उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई है। आपने शायद यह मशहूर कहावत सुनी होगी: ‘सत्ता इंसान को भ्रष्ट बनाती है और पूरी सत्ता उसे पूरी तरह भ्रष्ट कर देती है।’ अगर कल कोई इस कहावत का मतलब समझाने के लिए उदाहरण मांगे, तो दुर्भाग्य से आपके कई मौजूदा भाजपा सहकर्मी इसके सटीक उदाहरण साबित होंगे।’
मनसे प्रमुख ने कहा, ‘आपकी चुप्पी ने सभी को बेपरवाही से व्यवहार करने का हौसला दिया है।’
उन्होंने जोर देकर कहा कि जो लोग इतनी लापरवाही से व्यवहार करते हैं, उनसे इस्तीफा लिया जाना चाहिए।
मनसे नेता ने दावा किया, ‘एक बार सभी को यह दिखाइए कि फडणवीस गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में हिचकिचाते नहीं हैं। बाकी लोग तुरंत सही रास्ते पर आ जाएंगे।’
शहर में मानसून से जुड़ी मौतों पर अपनी टिप्पणियों के लिए साटम विपक्ष की आलोचना का सामना कर रहे हैं। एक वायरल वीडियो में वह इन घटनाओं के बारे में बात करते हुए मुस्कुराते हुए देखे गए थे।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप