(अदिति खन्ना)
लंदन, चार जुलाई (भाषा) केअर स्टॉर्मर ने लेबर पार्टी के नेता और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देने संबंधी अपने फैसले को ‘‘बेहद व्यक्तिगत’’ बताते हुए कहा कि उन्होंने इस संबंध में अंतिम निर्णय अपनी पत्नी और बच्चों के साथ विचार-विमर्श करके लिया था।
स्टॉर्मर ने शुक्रवार शाम ‘बीबीसी’ के साथ साक्षात्कार में कहा कि वह सेंट्रल लंदन से सांसद के रूप में अपना मौजूदा कार्यकाल पूरा करेंगे।
स्टॉर्मर (63) ने संसद में ‘‘चुप रहने’’ की योजना बनाई है, ताकि उनके उत्तराधिकारी अपने काम को आगे बढ़ा सकें।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं इस बात को लेकर जूझता रहा कि मेरे लिए, देश के लिए और सरकार के वास्ते क्या करना सबसे बेहतर होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आखिर में यह एक बेहद व्यक्तिगत निर्णय बन गया। और इसी वजह से यह फैसला अंततः उस वक्त लिया गया जब मैं और मेरी पत्नी विक अपने बच्चों के साथ छुट्टियों पर बाहर गये थे।’’
स्टॉर्मर ने 22 जून को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी।
एक महत्वपूर्ण उपचुनाव में स्टॉर्मर के प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले एंडी बर्नहैम की जीत के बाद उनके प्रधानमंत्री पद से हटने की पृष्ठभूमि तैयार हुई थी।
स्टॉर्मर ने कहा, ‘‘मैंने परिवार के साथ दो दिन बिताए और उसी दौरान मैं अपने अंतिम निर्णय पर पहुंचा…। यह मेरे लिए एक बेहद व्यक्तिगत मामला है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जो भी मेरा उत्तराधिकारी होगा, उन्हें भी उसी तरह के वैश्विक संघर्ष का सामना करना पड़ेगा। हम बार-बार कहते हैं और यह सच है कि हम एक ऐसे विश्व में रह रहे हैं जो पहले से कहीं अधिक अस्थिर है। शायद मेरे पूरे जीवनकाल में ऐसा कभी नहीं रहा। यह केवल एक बयान नहीं है, यह वास्तविकता है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह बदलने वाला नहीं है और घरेलू चुनौतियां भी नहीं बदलेंगी।’’
स्टॉर्मर ने कहा, ‘‘एंडी बर्नहम के प्रति उनके मन में कभी कोई व्यक्तिगत द्वेष नहीं रहा और उन्होंने कहा कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए अपनी पूरी कोशिश करेंगे कि अगली सरकार सफल हो।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं चुप रहूंगा, न कि अपने उत्तराधिकारी को लगातार यह सलाह देता रहूंगा कि उन्हें क्या करना चाहिए।’’
स्टॉर्मर के नेतृत्व में लेबर पार्टी ने जुलाई 2024 के आम चुनाव में शानदार जीत हासिल की थी।
भाषा
देवेंद्र सुभाष
सुभाष