मुंबई, चार जुलाई (भाषा) मुंबई में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच महापौर ऋतु तावड़े ने शनिवार को वर्ली में सैर स्थल का दौरा किया और लोगों से समुद्र तट से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि ऊंची एवं तेज लहरें उनके जीवन के लिए खतरा बन सकती हैं।
पिछले कुछ दिन से महानगर में लगातार बारिश हो रही है। मुंबई में शनिवार को भी बारिश का दौर जारी रहा, जिससे सड़कों और रेलवे पटरियों पर जलभराव की स्थिति पैदा हो गई तथा देश की आर्थिक राजधानी का जनजीवन लगभग ठप हो गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी किए जाने के बाद बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने शहर के सभी स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि महापौर तावड़े ने वर्ली में समुद्र किनारे टहलने की जगह का दौरा किया और वहां मौजूद लोगों से क्षेत्र खाली करने तथा भारी बारिश और ऊंचे ज्वार के दौरान समुद्र के निकट नहीं जाने की अपील की।
उन्होंने अपराह्न करीब 2.45 बजे धर्मवीर स्वराज्य रक्षक छत्रपति संभाजी महाराज कोस्टल रोड (दक्षिण) क्षेत्र का भी दौरा किया और वहां बारिश के बीच समुद्र तट के किनारे बैठे तथा टहल रहे लोगों को तेज लहरों से उत्पन्न खतरे की जानकारी देते हुए वहां से हटने का निर्देश दिया।
महापौर ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, समुद्र तट से दूर रहने और महानगरपालिका तथा पुलिस प्रशासन द्वारा जारी परामर्श का पालन करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि खराब मौसम के दौरान समुद्र के निकट जाकर अपनी सुरक्षा को जोखिम में डालना उचित नहीं है।
भाषा रवि कांत नेत्रपाल
नेत्रपाल