व्यस्तता के कारण नाना पाटेकर, अनिल कपूर ‘वेलकम 3’ का हिस्सा नहीं बन सके: अहमद खान

Ads

व्यस्तता के कारण नाना पाटेकर, अनिल कपूर 'वेलकम 3' का हिस्सा नहीं बन सके: अहमद खान

  •  
  • Publish Date - July 4, 2026 / 07:24 PM IST,
    Updated On - July 4, 2026 / 07:24 PM IST

मुंबई, चार जुलाई (भाषा) निर्देशक अहमद खान का कहना है कि ‘वेलकम टू द जंगल’ में नाना पाटेकर और अनिल कपूर के प्रतिष्ठित किरदारों को शामिल नहीं करने का निर्णय उनकी व्यस्तता से जुड़े व्यावहारिक कठिनाइयों के कारण लिया गया।

वर्ष 2007 में रिलीज हुई इस श्रृंखला की पहली फिल्म ‘वेलकम’ में अनिल कपूर और नाना पाटेकर ने क्रमशः उदय शेट्टी और मजनू भाई जैसे लोकप्रिय किरदार निभाए थे। फिल्म में अक्षय कुमार, कैटरीना कैफ और परेश रावल भी अहम भूमिकाओं में थे। इसके बाद, दोनों कलाकार (कपूर और पाटेकर) 2015 में ‘वेलकम अगेन’ में भी नजर आए थे।

पिछले महीने सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस श्रृंखला की तीसरी फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ में अक्षय कुमार के साथ नये कलाकारों की टोली नजर आ रही, लेकिन अनिल कपूर और नाना पाटेकर शामिल नहीं हैं।

खान ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘नाना (पाटेकर) इस फिल्म का हिस्सा बनने वाले थे। मैं अनिल (कपूर) से भी मिला था और वह भी फिल्म का हिस्सा बनने वाले थे लेकिन अनिल अपनी अन्य फिल्मों में काफी व्यस्त थे। हमारी फिल्म में इतने सारे कलाकार हैं कि तारीखों का तालमेल बैठाना बहुत बड़ी चुनौती बन गया था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे में हमने सोचा कि अगर आगे बढ़ना है तो नये किरदारों के साथ आगे बढ़ते हैं और यह फैसला हमारे लिए सही साबित हुआ।’’

‘वेलकम टू द जंगल’ की कहानी गैंगस्टरों, अपराधियों और कई अजीबोगरीब किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म की शुरुआत एक फिल्म की शूटिंग से होती है, जो आगे चलकर अपराध, भ्रम और एक्शन से भरपूर घटनाओं की हास्यपूर्ण श्रृंखला में बदल जाती है।

फिल्म में अक्षय कुमार मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ सुनील शेट्टी, परेश रावल, रवीना टंडन, अरशद वारसी, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, किरण कुमार, जैकी श्रॉफ सहित कुल 34 कलाकार हैं।

यह फिल्म 26 जून को रिलीज हुई और इसने वैश्विक ‘बॉक्स ऑफिस’ पर 144 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है। हालांकि, फिल्म समीक्षकों से इसे मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है।

भाषा

राखी सुभाष

सुभाष