राज ठाकरे ने सोनम वांगचुक के अनशन को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना

राज ठाकरे ने सोनम वांगचुक के अनशन को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना

राज ठाकरे ने सोनम वांगचुक के अनशन को लेकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना
Modified Date: July 16, 2026 / 08:17 pm IST
Published Date: July 16, 2026 8:17 pm IST

मुंबई, 16 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे ने जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन को लेकर बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार ने शायद देश में विरोध प्रदर्शन के अधिकार को ही समाप्त करने का फैसला कर लिया है।

वांगचुक 28 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के प्रदर्शन में शामिल हुए थे और तब से वह परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन पर हैं।

राज ठाकरे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यदि यह सरकार अयोध्या में राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के दौरान मूक दर्शक बनी रह सकती है, तो नागरिकों के विरोध प्रदर्शन का उस पर आखिर क्या असर हो सकता है।

मनसे प्रमुख ने आरोप लगाया कि जिन संस्थाओं को निष्पक्ष रूप से काम करना चाहिए, उन्हें अपने प्रभाव में ले लिया गया है और चुनावों में धांधली की जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस पर बड़े पैमाने पर धन खर्च किया जा रहा है, फिर भी मुख्यधारा की मीडिया इस बात पर सवाल उठाने में विफल रही है कि ये धन कहां से आ रहा है।

ठाकरे ने कहा, ‘‘उनके (वांगचुक) स्वास्थ्य से संबंधित रिपोर्ट और टेलीविजन पर दिखाई जा रही तस्वीरें निश्चित रूप से चिंताजनक हैं। यह कहना बेहद पीड़ादायक है, लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार ने सोनम वांगचुक को कुर्बान करने का फैसला कर लिया है और इसके साथ ही शायद देश में विरोध प्रदर्शन के लिए मौजूद लोकतांत्रिक अधिकार को भी समाप्त करने का निर्णय ले लिया है।’’

उन्होंने कहा कि एक समय था जब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सोनम वांगचुक को बहुत सम्मान देती थी। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी व्यक्ति को तब तक ही महत्व देती है, जब तक वह उसकी सुविधा और हित के अनुकूल होता है।

ठाकरे ने कहा कि भाजपा के कार्यकाल के दौरान परीक्षाओं में अनियमितताएं बड़े पैमाने पर रही हैं, जिनमें मध्य प्रदेश का व्यापम घोटाला, नीट के प्रश्नपत्र लीक होना और हाल में शिक्षक भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्रों का लीक होना शामिल है।

भाषा

देवेंद्र पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में