मुंबई, दो अप्रैल (भाषा) भारतीय सिनेमा के इतिहास की सर्वाधिक महत्वकांक्षी परियोजनाओं में से एक फिल्म ‘रामायण’ से बृहस्पतिवार को पर्दा उठाते हुए भगवान राम के रूप में अभिनेता रणबीर कपूर की पहली झलक पेश की गई।
नमित मल्होत्रा द्वारा निर्मित इस फिल्म का हनुमान जयंती के अवसर पर ‘राम’ शीर्षक से दो मिनट 38 सेकेंड का एक ‘टीजर’ जारी किया गया जिसमें दर्शकों के समक्ष भगवान राम की दुनिया की पहली झलक प्रस्तुत की गई है। इसमें युद्धभूमि से लेकर भव्य महलों और घने जंगलों तक के दृश्य शामिल हैं, जबकि रणबीर कपूर अयोध्या के राजा और योद्धा के रूप में भारी स्वर्ण आभूषणों से सुसज्जित राजसी परिधान में नजर आते हैं।
इस फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है और इसके निर्माण में सात साल लगे। तिवारी को ‘दंगल’ और ‘छिछोरे’ जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है।
निर्देशक ने कहा, ‘इस मुकाम तक पहुंचने में मुझे निजी तौर पर सात वर्ष लगे हैं। फिल्म निर्माण एक अनिश्चित और एकाकी प्रक्रिया होती है। इन सात वर्षों का हर पल मैंने यह कल्पना करते हुए बिताया है कि जब यह (फिल्म) सामने आएगी तो दर्शकों की प्रतिक्रिया कैसी होगी।’
इस फिल्म में ‘केजीएफ’ स्टार यश रावण के रूप में, साई पल्लवी देवी सीता के रूप में, सनी देओल भगवान हनुमान के रूप में और रवि दुबे भगवान लक्ष्मण के रूप में नजर आएंगे।
रामायण का पहला भाग दिवाली 2026 पर विश्व भर में आईमैक्स में प्रदर्शित किया जाएगा, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में प्रदर्शित होगा।
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश