टीसीएस मामले की आरोपी को पनाह देने पर राणे ने एआईएमआईएम को ‘आतंकवादी’ पार्टी कहा

Ads

टीसीएस मामले की आरोपी को पनाह देने पर राणे ने एआईएमआईएम को ‘आतंकवादी’ पार्टी कहा

  •  
  • Publish Date - May 8, 2026 / 11:18 PM IST,
    Updated On - May 8, 2026 / 11:18 PM IST

मुंबई, आठ मई (भाषा) महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नितेश राणे ने शुक्रवार को ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) को ‘आतंकवादी संगठन’ करार दिया।

राणे का यह बयान ऐसे वक्त आया है जब असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाली पार्टी के एक पार्षद पर नासिक टीसीएस यौन उत्पीड़न-जबरन धर्मांतरण मामले में एक प्रमुख आरोपी को कथित तौर पर पनाह देने के लिए मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने बताया कि टीसीएस मामले में आरोपी निदा खान को छत्रपति संभाजीनगर के नारेगांव इलाके से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक, एआईएमआईएम पार्षद मतीन पटेल ने पिछले कुछ दिनों से निदा खान और उसके परिजनों को पनाह दी थी।

पुलिस ने बताया कि निदा खान को कथित तौर पर शरण के लिए मतीन पटेल को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है।

राणे ने कहा, “एआईएमआईएम आतंकवादी संगठन है, राजनीतिक दल नहीं।”

उन्होंने पार्टी की तुलना पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी आईएसआई और प्रतिबंधित ‘पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया’ से की।

एआईएमआईएम के वरिष्ठ नेता इम्तियाज जलील ने शुक्रवार सुबह छत्रपति संभाजीनगर में कहा कि वह निदा खान और उसके रिश्तेदारों को छिपाने में पटेल की कथित संलिप्तता के बारे में अपने पार्टी पदाधिकारियों और पुलिस से बात करेंगे।

नासिक पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) आईटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी टीसीएस के नासिक कार्यालय में छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार के नौ मामलों की जांच कर रही है।

टीसीएस कार्यालय में महिला कर्मचारियों के शोषण, जबरन धर्मांतरण के प्रयास, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने, छेड़छाड़ और मानसिक उत्पीड़न के आरोप सामने आने के बाद एसआईटी ने नौ प्राथमिकी दर्ज कर एक महिला सहित आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।

भाषा जितेंद्र आशीष

आशीष