मुंबई, 28 मई (भाषा) शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को कहा कि महाराष्ट्र वर्ष 2026 के लिए आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) के प्रश्नपत्र लीक मामले का ‘केंद्र बिंदु’ बनकर उभरा है। राउत ने यह भी पूछा कि क्या मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ‘लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद करने’ की जिम्मेदारी लेंगे।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें से अधिकांश महाराष्ट्र के रहने वाले हैं, जिसमें लातूर, पुणे और अहिल्यानगर शामिल हैं।
राउत ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘महाराष्ट्र परीक्षा (नीट) का प्रश्नपत्र लीक करने वाले गिरोह का केंद्र बनकर उभरा है। अगर इस नेटवर्क की जड़ें लातूर से पुणे तक फैली हुई हैं तो मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को जवाब देना होगा कि इसके लिए कौन जिम्मेदार है।’’
उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र लीक के कारण देश भर के लाखों छात्रों का भविष्य बर्बाद हो रहा है।
प्रश्नपत्र लीक नेटवर्क से कथित तौर पर जुड़े एक आरोपी की गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए राज्यसभा सदस्य ने दावा किया कि इस गिरोह के ‘महाराष्ट्र से संबंध’ थे।
उन्होंने पूछा कि सीबीआई जांच कर रही है, लेकिन राज्य तंत्र और पुलिस इन घटनाक्रमों से अनभिज्ञ क्यों थे?
भाषा
शुभम संतोष
संतोष
कोई समाचार उपलब्ध नहीं है।