मुंबई, 21 सितंबर (भाषा) शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता संजय राउत ने इंदौर में एक कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘मिमिक्री’ किए जाने को लेकर सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का बचाव किया और कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष का ‘‘तीर भाजपा के दिल पर जा कर लगा है।’’
राज्यसभा सदस्य राउत ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि सत्तारूढ़ दल के नेता इसलिए परेशान हैं क्योंकि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर हमला किया है।
मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार को राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने उनके साथ एक प्रस्तुति में प्रधानमंत्री मोदी की ‘मिमिक्री’ की थी, जिसके बाद विवाद पैदा हो गया।
हालांकि, कांग्रेस ने इस प्रस्तुति को व्यंग्य या ‘मिमिक्री’ बताते हुए इसका बचाव किया है।
शिवसेना (उबाठा) सांसद राउत ने कहा, ‘‘राहुल गांधी का तीर भाजपा के दिल पर जा कर लगा है।’’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने आम लोगों और छात्रों को भारत के अन्य देशों के साथ संबंधों की स्थिति की जानकारी दी है।
उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी जो कहते हैं, वह लोगों तक पहुंच रहा है।’’
भाषा शोभना सुभाष
सुभाष