सलमान के घर पर गोलीबारी से पहले फार्म हाउस की हुई थी रेकी, ‘डर’ पैदा करना चाहते थे हमलावर : पुलिस

Ads

सलमान के घर पर गोलीबारी से पहले फार्म हाउस की हुई थी रेकी, 'डर' पैदा करना चाहते थे हमलावर : पुलिस

  •  
  • Publish Date - April 18, 2024 / 10:54 PM IST,
    Updated On - April 18, 2024 / 10:54 PM IST

मुंबई, 18 अप्रैल (भाषा) मुंबई में अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर गोलीबारी करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए दो लोगों ने घटना को अंजाम देने से चार दिन पहले रायगढ़ जिले से सटे पनवेल में अभिनेता के फार्म हाउस की रेकी की थी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने घटना के सिलसिले में अब तक हुई जांच का हवाला देते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि रविवार तड़के बांद्रा के गैलेक्सी अपार्टमेंट में सलमान के घर के बाहर गोलीबारी के पीछे दोनों हमलावरों का मुख्य उद्देश्य डर पैदा करना था।

अधिकारी ने बताया कि हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) ने मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के अधिकारियों को बताया कि उन्होंने (आरोपियों ने) 14 अप्रैल को मुंबई में सलमान के घर के बाहर गोलीबारी करने से चार दिन पहले पनवेल में उनके फार्म हाउस की रेकी की थी।

अधिकारी ने बताया कि 58-वर्षीय अभिनेता अक्सर मुंबई से लगभग 60 किलोमीटर दूर स्थित फार्म हाउस पर जाते रहते हैं।

पुलिस, सबूत जुटाने की अपनी कवायद के तौर पर फार्म हाउस के गेट और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालने में जुट गयी है।

उन्होंने बताया कि बिहार के रहने वाले दोनों आरोपियों ने पनवेल के हरिग्राम इलाके में स्थित सलमान के फार्म हाउस से लगभग 10 किलोमीटर दूर एक घर किराए पर लिया था।

अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी की घटना के 48 घंटे के भीतर ही मुंबई पुलिस की अपराध शाखा की एक टीम ने गुजरात के कच्छ जिले के भुज से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।

दोनों आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश