गोरखपुर (उप्र), 17 अगस्त (भाषा) गोरखपुर जिले के बांसगांव इलाके में सोमवार को नाग पंचमी पर स्नान करने गए तीन बच्चे एक तालाब में डूब गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक 9, 12 और 14 साल की उम्र के बच्चे नहाने के लिए अपने घरों से बमुश्किल 100 मीटर की दूरी पर स्थित तालाब में गए थे, जब यह घटना घटी।
ग्रामीणों के अनुसार, नाग पंचमी के लिए कई बच्चे तालाब के पास इकट्ठा हुए थे और उनमें से कुछ नहाने के लिए पानी में उतर गए। ग्रामीणों के अनुसार, तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। ग्रामीणों के अनुसार, काफी प्रयास के बाद एक बच्चे को बाहर निकाला गया लेकिन वह मृत पाया गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) दिनेश पुरी ने कहा कि अन्य दो को बाद में तालाब से निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सचिन (14), हरीश (12) और अनुज (9) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि सचिन कक्षा 6 का छात्र था और उसके पिता मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि कक्षा 3 के छात्र अनुज के पिता गुजरात में पेंटर और पॉलिश का काम करते हैं, जबकि कक्षा 5वीं के छात्र हरीश के पिता दुबई में मजदूर हैं।
घटना की सूचना पर बांसगांव विधायक विमलेश पासवान समेत अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी गांव पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
भाषा सं जफर अमित
अमित