मुंबई, 17 अगस्त (भाषा) दक्षिण मुंबई के चर्चगेट स्थित सात मंजिला आयकर कार्यालय की इमारत के भूमिगत तल में सोमवार दोपहर आग लग गई जिसके बाद सीढ़ियों और विशेष सीढ़ियों का इस्तेमाल करके कई लोगों को बाहर निकाला गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका परिषद (बीएमसी) ने एक बयान में कहा, “लापता या घायल लोगों के बारे में पुलिस, आयकर अधिकारियों और सुरक्षा कर्मचारियों के साथ पूछताछ की जा रही है।”
इस इमारत में आयकर विभाग के अलग-अलग दफ्तरों के साथ-साथ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) का दफ्तर भी है। इसके भूमिगत तल में आयकर कर्मचारियों के लिए एक सहकारी बैंक भी है, जो अभी अपना शताब्दी समारोह मना रहा है।
अपराह्न करीब दो बजे आग लगने के बाद भूमिगत तल समेत पूरी इमारत धुएं से भर गई।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीकृत एयर-कंडीशनिंग सिस्टम की वजह से धुआं तेजी से फैल गया; इसके बाद अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने धुआं बाहर निकालने के लिए खिड़कियों के शीशे तोड़े।
दमकल विभाग के अनुसार, पहली, दूसरी और तीसरी मंज़िल से 15 लोगों को बचाया गया और सीढ़ियों के ज़रिए सुरक्षित रूप से भूतल पर लाया गया। इसके अलावा, पहली मंज़िल से पांच-छह लोगों को ‘विशेष सीढ़ी’ की मदद से बचाया गया, जबकि छत पर शरण लेने वाले आठ लोगों को ‘यांत्रिक सीढ़ी’ की मदद से नीचे लाया गया।
बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई अग्निशमन सेवा ने अपराह्न करीब 2.45 बजे आग को ‘स्तर-2’ की आग घोषित किया, जो एक गंभीर घटना का संकेत है। मौके पर कम से कम आठ दमकल गाड़ियां और आग बुझाने वाली कई अन्य गाड़ियां तैनात की गईं।
आयकर विभाग के एक कर्मचारी ने, जिन्होंने अपना नाम नहीं बताया, कहा कि जब आग लगने के बाद बाहर अफरातफरी मची, तो वे पांचवीं मंज़िल पर दोपहर का भोजन कर रहे थे। जब इमारत तेजी से धुएं से भर गई, वह इमारत के पिछले हिस्से से बाहर निकल गए।
आयकर अधिकारियों से मिली जानकारी का हवाला देते हुए, सहायक पुलिस आयुक्त नीलेश बागुल ने बताया कि इस इमारत में करीब 1,800 कर्मचारी काम करते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि अंदर मौजूद ज़्यादातर लोग बिना किसी चोट के सुरक्षित बाहर निकल आए। मुंबई अग्निशमन सेवा के कर्मचारियों ने पहली मंज़िल और छत से सीढ़ियों का इस्तेमाल करके महिलाओं समेत कई अन्य लोगों को बचाया।
भाषा
प्रशांत नरेश
नरेश