संविधान में प्रदत्त नागरिकों के अधिकारों पर हमला हो रहा है: पवार

Ads

संविधान में प्रदत्त नागरिकों के अधिकारों पर हमला हो रहा है: पवार

  •  
  • Publish Date - February 13, 2024 / 01:13 AM IST,
    Updated On - February 13, 2024 / 01:13 AM IST

ठाणे, 12 फरवरी (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार के प्रमुख शरद पवार ने सोमवार को कहा कि संविधान प्रदत्त नागरिकों के अधिकारों पर हमला हो रहा है और इससे देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने को काफी खतरा है।

ठाणे जिले के उल्हासनगर में ‘एल्गार परिषद’ की सभा को संबोधित करते हुए पवार ने कहा कि संसद में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की टिप्पणियां स्तरहीन थीं।

उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और संविधान के प्रमुख वास्तुकार बाबासाहेब आंबेडकर को निशाना बनाए जाने की आलोचना की।

उन्होंने कहा,‘‘दो दिन पहले संसद में हमने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का भाषण सुना। पूरे भाषण में उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू की आलोचना की और उन पर हमला किया, जिन्होंने आजादी से पहले छह से सात साल जेल में बिताए थे…। आजादी के बाद उन्होंने डॉ. आंबेडकर को साथ लेकर एक लोकतांत्रिक देश का निर्माण किया। यह हमला उस व्यक्ति की नीतियों और निर्णयों पर किया गया था।’’

पवार ने कहा कि इस तरह के हमले केवल व्यक्तियों को निशाना नहीं बनाते, बल्कि इन महान व्यक्तियों द्वारा निर्धारित मूलभूत मूल्यों और सिद्धांतों को व्यापक रूप से निशाना बनाते हैं।

उन्होंने कहा, ” इस हमले का मकसद बाबासाहेब आंबेडकर के दिए संविधान को कमजोर करना है और फिलहाल मोदी और उनके सहयोगियों यह काम कर रहे हैं।”

भाषा शोभना जोहेब

जोहेब