ईद पर बेटे सलमान के साथ सलीम खान ने प्रशंसकों को दी बधाई

Ads

ईद पर बेटे सलमान के साथ सलीम खान ने प्रशंसकों को दी बधाई

  •  
  • Publish Date - March 21, 2026 / 10:50 PM IST,
    Updated On - March 21, 2026 / 10:50 PM IST

मुंबई, 21 मार्च (भाषा) हाल में अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वरिष्ठ पटकथा लेखक सलीम खान शनिवार को पहली बार सार्वजनिक रूप से नजर आए और बेटे सलमान खान के साथ ईद के मौके पर प्रशंसकों का अभिवादन किया।

इस मौके पर सलीम-सलमान के साथ अरबाज खान, सोहेल खान, उनकी पत्नी सुशीला चरक, बहनें अलवीरा और अर्पिता खान शर्मा समेत परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। सभी ने मुंबई स्थित अपने गैलेक्सी अपार्टमेंट्स के बाहर जमा प्रशंसकों का अभिवादन किया।

‘इंस्टाग्राम’ पर एक वीडियो साझा करते हुए सलमान ने लिखा, ‘‘ईद मुबारक, आपके आशीर्वाद के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद, डैड घर वापस आ गए हैं।’’

सलीम खान व्हीलचेयर पर नजर आए, लेकिन अस्पताल से छुट्टी के बाद उनकी पहली झलक पाकर प्रशंसकों में उत्साह देखा गया। 90 वर्षीय सलीम खान को 17 फरवरी को बांद्रा स्थित लीलावती अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया था और एहतियात के तौर पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। करीब चार सप्ताह बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

इस दौरान सलमान खान ने अपनी परंपरा को जारी रखते हुए अपनी बालकनी में बुलेटप्रूफ ग्लास के पीछे से प्रशंसकों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

ईद के जश्न में अर्पिता के बच्चे भी मौजूद रहे और सलमान उनके साथ बातचीत करते नजर आए।

भाषा राखी सुरभि

सुरभि