उप मुख्यमंत्री शिंदे मीरा-भायंदर में सड़क निर्माण के लिए राशि आवंटित नहीं कर रहे : भाजपा विधायक

Ads

उप मुख्यमंत्री शिंदे मीरा-भायंदर में सड़क निर्माण के लिए राशि आवंटित नहीं कर रहे : भाजपा विधायक

  •  
  • Publish Date - August 5, 2026 / 09:29 PM IST,
    Updated On - August 5, 2026 / 09:29 PM IST

ठाणे, पांच अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मीरा-भायंदर से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक नरेंद्र मेहता ने सरकार में सहयोगी और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र में सड़क के कंक्रीटीकरण के लिए आवश्यक ऋण को मंजूरी नहीं दी।

राज्य सरकार में लोक निर्माण विभाग और शहरी विकास विभाग का प्रभार देख रहे शिंदे ने कहा कि संबंधित फाइलों को मंजूरी दी जाएगी।

मीरा-भायंदर महानगरपालिका के अंतर्गत आने वाले इलाकों में गड्ढों वाली सड़कों को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।

मेहता ने मंगलवार को भायंदर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शिंदे पर आरोप लगाया कि उनके विभागों ने कंक्रीट की सड़कें बनाने के लिए निगम द्वारा मांगे गए 500 करोड़ रुपये के ऋण की मंजूरी रोक दी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित फाइल कई महीनों से मंजूरी के लिए लंबित है।

शिंदे ने आरोपों का जवाब देते हुए भरोसा दिलाया कि ऋण मंजूर हो जाएगा। उन्होंने भायंदर में रामभाऊ म्हालगी प्रबोधिनी में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘हमने कई महापालिकाओं को सहायता दी है और मीरा-भायंदर को भी जरूरी मदद दी जाएगी।’’

मेहता ने हालांकि, इस मुद्दे पर सोमवार को विरोध करने की घोषणा की है।

भाषा धीरज दिलीप

दिलीप