मुंबई, 23 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और शिवसेना नेता शंभूराज देसाई ने सोमवार को आरोप लगाया कि पिछले सप्ताह सतारा जिला परिषद अध्यक्ष चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजनीतिक दबाव बनाया, जिससे मतदान प्रक्रिया में अनियमितताएं हुईं।
सतारा के संरक्षक मंत्री देसाई ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान “लोकतंत्र की हत्या” हुई।
उन्होंने विधान भवन परिसर में पत्रकारों से कहा कि शिवसेना के ‘व्हिप’ का उल्लंघन करने वाले सदस्यों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी और दल बदलने वालों के खिलाफ दलबदल विरोधी कानून के तहत अयोग्य घोषित करने की कार्यवाही शुरू की जाएगी।
महाराष्ट्र में भाजपा, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ‘महायुति’ सरकार में शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को सतारा जिला परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की प्रिया शिंदे निर्वाचित हुईं। उन्होंने शिवसेना-राकांपा गठबंधन के पास बहुमत होने के बावजूद उनके उम्मीदवार को मामूली अंतर से पराजित किया।
देसाई ने कहा, “चुनाव के दौरान जो कुछ हुआ, मीडिया उसका गवाह है। हमारे पास संख्याबल था। शिवसेना के टिकट पर निर्वाचित दो सदस्यों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए और दो को अपने पक्ष में कर लिया गया, जबकि हम अन्य सदस्यों को लाने में सफल रहे।”
उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक दबाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के एक जिला परिषद सदस्य के बेटे द्वारा अपहरण की झूठी शिकायत दर्ज कराई गई।
देसाई ने कहा, ‘जब मतदान केंद्र जिला परिषद परिसर में मात्र 10 मीटर की दूरी पर था, तब कथित तौर पर सदस्य को हिरासत में लिया गया।’
उन्होंने दावा किया कि पुलिस को यह सूचित करने के बावजूद कि वे वोट डालने जा रहे हैं, उन्हें रोका गया और उनके साथ हाथापाई की गई।
उन्होंने आरोप लगाया, “दो मंत्रियों, एक विधायक और एक सांसद की मौजूदगी में भी पुलिस ने हमारे साथ हाथापाई की। संरक्षक मंत्री होने के बावजूद मुझे धक्का दिया गया और सतारा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने भाजपा के एक अधीनस्थ की तरह व्यवहार किया।”
देसाई ने कहा कि इस तरह की राजनीतिक खरीद-फरोख्त और दबाव की घटनाओं ने जिले की छवि को नुकसान पहुंचाया है और चुनाव प्रक्रिया के दौरान ‘लोकतंत्र की हत्या’ की गई है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में उठाया जाएगा।
इससे पहले, महाराष्ट्र विधान परिषद की उपसभापति नीलम गोरहे ने इस संबंध में सतारा के एसपी तुषार दोशी को निलंबित करने का निर्देश दिया था।
भाषा
प्रचेता दिलीप
दिलीप