मुंबई, 17 मार्च (भाषा) दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान (90) को मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और उन्हें घर ले जाया गया है। मस्तिष्काघात के बाद पिछले महीने 17 फरवरी को खान को बांद्रा के लीलावती अस्पताल के ‘आईसीयू’ (गहन चिकित्सा इकाई) में भर्ती कराया गया था। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
अस्पताल में भर्ती होने के एक दिन बाद चिकित्सकों ने बताया था कि खान को ‘ब्रेन हैमरेज’ हुआ और उपचार के बाद उन्हें एहतियात के तौर पर ‘वेंटिलेटर सपोर्ट’ पर रखा गया है।
एक सूत्र ने मंगलवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘उनका सफलतापूर्वक इलाज किया गया है। उन्हें कुछ समय पहले अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।’
अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उनके बेटे सलमान खान, अरबाज खान, बेटियां अलवीरा और अर्पिता, और दामाद अतुल अग्निहोत्री व आयुष शर्मा उनसे मिलने नियमित रूप से आते रहे। उनके पुराने साथी जावेद अख्तर ने भी अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात की।
खान फिल्म जगत में सलीम-जावेद की जोड़ी के सदस्य के तौर पर मशहूर रहे हैं। इस जोड़ी ने ‘शोले’, ‘दीवार’ और ‘डॉन’ के अलावा, ‘त्रिशूल’, ‘जंजीर’, ‘सीता और गीता’, ‘हाथी मेरे साथी’, ‘यादों की बारात’ और ‘मिस्टर इंडिया’ जैसी लोकप्रिय फिल्मों की पटकथा लिखी थी।
भाषा
प्रचेता पवनेश
पवनेश