डिजिटल अरेस्ट के माध्यम से वरिष्ठ नागरिक से 1.57 करोड़ रुपये की ठगी

Ads

डिजिटल अरेस्ट के माध्यम से वरिष्ठ नागरिक से 1.57 करोड़ रुपये की ठगी

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 10:43 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 10:43 PM IST

मुंबई, 30 मार्च (भाषा) ‘डिजिटल अरेस्ट’ साइबर धोखाधड़ी के माध्यम से 69 वर्षीय एक व्यक्ति से 1.57 करोड़ रुपये की ठगी की गई। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

शिकायत का हवाला देते हुए पश्चिम क्षेत्र डिवीजन साइबर प्रकोष्ठ के अधिकारी ने बताया कि पीड़ित अंधेरी का निवासी है और एक निजी कंपनी से सेवानिवृत्त हुआ है। उन्होंने बताया कि वह पिछले साल दिसंबर में एक साइबर अपराधी के जाल में फंस गया था, जिसने उसे फोन करके दावा किया कि वह फिरौती के लिए अश्लील क्लिप प्रसारित कर रहा था।

अधिकारी ने बताया, ‘आरोपियों ने पुलिस अधिकारी बनकर उसे फोन किया। उसे गिरफ्तारी की धमकी दी गई। आरोपियों ने उसे एक नकली अदालत भी दिखाई। पीड़ित को जांच के तहत अपने सारे पैसे तथाकथित सरकारी खातों में अंतरित करने या तत्काल गिरफ्तारी का सामना करने के लिए कहा गया। उसने 1.57 करोड़ रुपये अंतरित कर दिए, जिसके बाद फोन आने बंद हो गए।’

वरिष्ठ नागरिक को जब एहसास हुआ कि उनके साथ धोखाधड़ी हुई है तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया, जिसने धन के लेन-देन का पता लगाकर ऑटो रिक्शा चालक अशोक पाल को गिरफ्तार किया।

अधिकारी ने आगे कहा, ‘पाल को कमीशन के बदले अपने बैंक खाते में धनराशि जमा करने की अनुमति देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इस गिरोह में शामिल अन्य लोगों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।’

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप