मुंबई, पांच मार्च (भाषा) केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता विनोद तावडे सहित महायुति के छह उम्मीदवारों और विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) के उम्मीदवार शरद पवार ने बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र से राज्यसभा की अगले महीने खाली होने वाली सात सीट के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया।
भाजपा के चार उम्मीदवारों के अलावा, सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने दिवंगत अजित पवार के बेटे पार्थ को मैदान में उतारा, जबकि शिवसेना ने संसद के ऊपरी सदन के चुनाव में पार्टी प्रवक्ता ज्योति वाघमारे को मौका दिया।
इन सभी नेताओं ने नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि को दक्षिण मुंबई स्थित राज्य विधानसभा परिसर, विधान भवन में अपना नामांकन दाखिल किया। यह प्रक्रिया अपराह्न तीन बजे तक खुली रही।
मतदान 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होगी। राज्यसभा चुनाव के लिए विधानसभा सदस्य निर्वाचक मंडल बनाते हैं।
सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने द्विवार्षिक चुनाव के लिए पार्टी महासचिव विनोद तावडे, केंद्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास आठवले, नागपुर की पूर्व महापौर एवं वर्तमान पार्षद माया चिंतामन इवानते और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के पूर्व विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) रामराव वाडकुटे को मैदान में उतारा है।
नामांकन दाखिल करने के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भाजपा उम्मीदवारों के साथ थे।
पूर्व एमएलसी तावडे ने 2014 में पहली बार महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव जीता और राज्य के शिक्षा मंत्री बने। हालांकि उन्हें 2019 के विधानसभा चुनाव में टिकट नहीं मिला, लेकिन बाद में उन्हें पार्टी में राष्ट्रीय स्तर पर पदोन्नत किया गया और वर्तमान में वे पार्टी महासचिव हैं।
अविभाजित राकांपा में एक समय शरद पवार के करीबी माने जाने वाले वाडकुटे मराठवाड़ा क्षेत्र के हटकर समुदाय से आते हैं। भाजपा में शामिल होने से पहले वे पवार के समर्थन से विधान परिषद के लिए चुने गए थे।
इवनाटे नागपुर की पहली ऐसी महापौर थीं जो आदिवासी पृष्ठभूमि से थीं।
एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने पार्टी प्रवक्ता ज्योति वाघमारे को मैदान में उतारा है। ऐसी अटकलें लगाई जा रही थीं कि पूर्व लोकसभा सदस्य एवं शिंदे के करीबी सहयोगी राहुल शेवाले को संसद के उच्च सदन के लिए उम्मीदवार बनाया जाएगा। शेवाले 2024 का लोकसभा चुनाव हार गए थे।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) प्रमुख शरद पवार (85) को राज्यसभा में एक और कार्यकाल मिलने की उम्मीद है।
कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव में महाराष्ट्र से महा विकास आघाडी (एमवीए) उम्मीदवार के तौर पर राकांपा (शप) के प्रमुख शरद पवार के समर्थन की बुधवार को घोषणा की। महाराष्ट्र की सात सीट पर चुनाव होना है, जिसमें से एक पर एमवीए की जीत की संभावना है।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव रमेश चेन्नीथला ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें 16 मार्च को होने वाले चुनाव में पवार का समर्थन करने के फैसले के बारे में बताने के लिए कहा है।
इससे पहले, एमवीए में शामिल तीन दलों कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद चंद्र पवार) और शिवसेना (उबाठा) ने इस सीट पर उम्मीदवारी के लिए अपना-अपना दावा पेश किया था।
दिवंगत अजित पवार के बेटे पार्थ पवार सत्तारूढ़ राकांपा से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में मावल निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सके थे।
पुणे के मुंधवा में एक विवादित भूमि सौदे को लेकर हाल ही में वे सुर्खियों में आए थे। 40 एकड़ जमीन अमाडिया एंटरप्राइजेज एलएलपी को 300 करोड़ रुपये में बेचने का सौदा तब सवालों के घेरे में आ गया था जब पता चला था कि जमीन सरकार की है और कंपनी को स्टांप शुल्क से छूट दी गई थी। इसके बाद सौदा रद्द कर दिया गया था।
पार्थ की मां सुनेत्रा पवार 28 जनवरी को विमान दुर्घटना में अपने पति अजित पवार की मृत्यु के बाद महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री बनी थीं। वह राज्यसभा सदस्य बनी हुई हैं। उन्होंने अभी तक राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा नहीं दिया है।
महाराष्ट्र से राज्यसभा के जिन सदस्यों का छह साल का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है, वे हैं: शरद पवार, रामदास आठवले, फौजिया खान राकांपा (शरद चंद्र पवार), रजनी पाटिल (कांग्रेस), प्रियंका चतुर्वेदी शिवसेना (उबाठा) और धनंजय पाटिल और भगवत कराड (दोनों भाजपा से)।
निर्वाचन आयोग ने 10 राज्यों में 37 राज्यसभा सीट के लिए चुनाव की घोषणा की है। इनमें से 12 सीट वर्तमान में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास हैं, जबकि 25 सीट विपक्षी दलों के पास हैं।
महाराष्ट्र में एमवीए का संयुक्त संख्या बल राज्य से राज्यसभा के एक उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित कर सकता है। वहीं महायुति सात में से छह सीट पर जीत दर्ज कर सकता है।
भाषा अमित संतोष
संतोष