शरद पवार को आज मिलेगी अस्पताल से छुट्टी, चिकित्सकों ने दी कुछ दिन आराम की सलाह

Ads

शरद पवार को आज मिलेगी अस्पताल से छुट्टी, चिकित्सकों ने दी कुछ दिन आराम की सलाह

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 12:23 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 12:23 PM IST

पुणे, 14 फरवरी (भाषा) पुणे के एक निजी अस्पताल में छाती के संक्रमण का उपचार करा रहे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के अध्यक्ष शरद पवार को शनिवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। अस्पताल प्रशासन ने यह जानकारी दी।

राज्यसभा सदस्य पवार को सांस लेने में तकलीफ और लगातार खांसी की शिकायत के बाद इस सप्ताह की शुरुआत में पुणे जिले के बारामती स्थित उनके आवास से यहां रूबी हॉल क्लिनिक लाया गया था।

अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ, अध्यक्ष और प्रबंध न्यासी डॉ. परवेज ग्रांट ने बताया कि पवार का स्वास्थ्य अब बेहतर है और उनकी सेहत में सुधार हो रहा है। उन्हें दिन में छुट्टी दे दी जाएगी।

डॉक्टर ने कहा, ‘‘चिकित्सकों की टीम ने उन्हें कुछ दिन तक पर्याप्त आराम करने की सलाह दी है, जिसके बाद वे धीरे-धीरे अपने नियमित कामकाज कर सकते हैं और सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल हो सकते हैं।’’

विमान दुर्घटना में 28 जनवरी को अपने भतीजे एवं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार को खो चुके पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार को पूर्व में मुंह का कैंसर हुआ था।

भाषा खारी शोभना

शोभना